सिवनी
उपस्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण की कछुआ चाल पर कलेक्टर ने दिखाई नाराजगी, अनुबंध समाप्त करने के निर्देश
कलेक्टर सुश्री जैन ने की निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा, हाऊसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री को नोटिस
Seoni 22 May 2025
सिवनी यशो:- कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने गुरूवार 22 मई को निर्माण विभाग की बैठक लेकर विभागों द्वारा जिले में कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, भवन विकास निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, एमपीआरडीसी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जल संसाधन विभाग, जल निगम तथा पीएचई के अधिकारियों की उपस्थिति रही।
बैठक में कलेक्टर सुश्री जैन ने सर्वप्रथम भवन निर्माण विभागों द्वारा बनाए जा रहे स्कूल भवन, छात्रावासों, प्राथमिक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सहित अन्य भवनों की प्रगति की विभागवार विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने भवन विकास निगम द्वारा बनाये जा रहे कन्या विद्यालय भवन छपारा एवं लखनादौन के निर्माण कार्यो को समय सीमा में पूरा करने के लिए कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिये। कलेक्टर सुश्री जैन ने जल समस्या वाले स्कूलों एवं छात्रवासों में जल निगम एवं पीएचई के अधिकारियों को समन्वय बनाकर पेयजलापूर्ति करने के निर्देश दिये हैं।
कलेक्टर सुश्री जैन ने जनजातीय कार्य विभाग के पूर्ण हो चुके छात्रवासों को इस सत्र में प्रारंभ करने के लिए प्रवेश प्रारंभ करने के निर्देश दिये। कलेक्टर सुश्री जैन ने नेशनल हेल्थ मिशन अन्तर्गत निर्माणाधीन उपस्वास्थ्य केंद्रों की प्रगति कम होने को लेकर सम्बंधित निर्माण अनुबंधकर्ता को टर्मिनेट करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में बिना अनुमति अनुपस्थिति रहे कार्यपालन यंत्री मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गए। कलेक्टर सुश्री जैन ने सभी भवन निर्माण विभागों को निर्माणाधीन सभी शासकीय भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं।
कलेक्टर सुश्री जैन द्वारा एपीआरडीसी, पीएमजेएसवाय, पीडब्लूडी विभाग अंतर्गत प्रगतिरत सडकों की भी जानकारी लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिये गये। उन्होंने नगरपालिका के अधिकारियों से प्रगतिरत निर्माण कार्यो की जानकारी लेकर वर्षा पूर्व सभी नालों एवं नालियों की सफाई करने के निर्देश दिए हैं।




