स्व सहायता समूहों की गतिविधियों को प्रोत्साहित कर आगे लाएँ – कलेक्टर
कलेक्टर सुश्री जैन ने आजीविका मिशन अंतर्गत संचालित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये
Seoni 11 March 2025
सिवनी यशो :- कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने मंगलवार 11 मार्च को मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिवनी नवजीवन विजय, जिला परियोजना प्रबंधक मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन राजेंद्र शुक्ला, सहायक संचालक उद्यान डॉ आशा उपवंशी वासेवार, उप संचालक कृषि मोरिस नाथ, उप संचालक मत्स्योद्योग श्री मरावी, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सिवनी, लीड बैंक मैनेजर सहित सभी ब्लॉक परियोजना प्रबंधक आजीविका मिशन की उपस्थिति रही।
कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने विकासखंडवार परियोजना प्रबंधक से खंडस्तर पर एनआरएलएम द्वारा गठित किये गये महिला स्व-सहायता समूहों की संख्या, तथा समूहों की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने नवगठित समूहों को सतत रूप से मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। इसी तरह सीआईएफ, सीसीएल, आरएफएल की प्रगति की भी समीक्षा की। कलेक्टर सुश्री जैन ने स्व-सहायता समूहों को महुआ संग्रहण, मछली पालन, मशरूम उत्पादन, सब्जी उत्पादन, गौशाला संचालन, एमडीएम संचालन, दीदी कैफे कैंटीन सहित अन्य गतिविधियों में आगे आने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये हैं।
कलेक्टर सुश्री जैन ने मशरूम उत्पादन एवं टोमेटो सॉस निर्माण सहित अन्य खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों में संलग्न समूहों को उत्पादों की पैकेजिंग, मार्केटिंग, फूड सेफ्टी एवं विक्रय करने में सहयोग करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं। कलेक्टर सुश्री जैन ने सभी ब्लॉक प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्र में महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा की जा रही गतिविधियों, नवाचारों एवं क्षेत्र में उत्पादित कृषि फसलों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसी तरह उन्होंने समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना अंतर्गत रोजगार प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए।


