कांग्रेस ने किसानों के लिये मांगा उत्तम किस्म का बीज व पर्याप्त खाद
विधानसभा चौरई के नवनियुक्त पदाधिकारियों की हुई बैठक
आगामी कार्ययोजना को लेकर हुई चर्चा
छिन्दवाड़ा यशो:- मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ व जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ के निर्देशानुसार कांग्रेस की विधानसभावार बैठकों का दौर लगातार जारी है। आयोजित बैठकों में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ ही आगामी कार्ययोजना भी बनाई जा रही है। इसी क्रम में आज चौरई विधानसभा कांग्रेस की बैठक डीपी मिश्रा परिसर में सम्पन्न हुई जिसमें विधानसभा चौरई के नवनियुक्त पदाधिकारियों के बीच संगठनात्मक विषयों को लेकर चर्चा की गई साथ ही आगामी दिवसों के लिये कार्ययोजना तैयार की।
आयोजित बैठक के उपरांत कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम चौरई अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को अपनी महत्वपूर्ण मांगों का ज्ञापन प्रस्तुत किया। कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार व जिला प्रशासन की जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया कि चौरई विधानसभा के अंतर्गत आने वाले चांद, चौरई व बिछुआ क्षेत्र मुख्यत: कृषि प्रधान क्षेत्र है। साप्ताहिक बाजार से लेकर व्यापार व रोजगार कृषि पर निर्भर है। किसानों को अच्छी आय होती है तभी नगर व शहर की दुकानें संचालित होती है साथ ही व्यापार चलता है, किन्तु प्रदेश की भाजपा सरकार के द्वारा किसानों के साथ लगातार किये जा रहे छलावे से किसान त्रस्त है। अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का मुआवजा अभी तक नहीं मिला साथ ही वर्तमान में बोवनी के लिये पर्याप्त खाद व उत्तम किस्म के बीज की उपलब्धता नहीं है। इसीलिये किसानों को भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने अपने ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से मांग की है कि वर्तमान में गेहूं, चना, मटर सहित अन्य फसलों की बोवनी जारी है, परन्तु क्षेत्र के किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज प्राप्त नहीं हो रहे साथ ही खाद की किल्लत भी बनी हुई है। आगामी एक सप्ताह के भीतर किसानों के लिये पर्याप्त खाद व बीज उपलब्ध कराया जावे ताकि समय पर किसान खाद व बीज का उपयोग कर सकें। समय अवधि में खाद व बीज उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो किसान उग्र आंदोलन के लिये बाध्य होगा जिसकी सम्पूर्ण जवाबदेही शासन की होगी।
बैठक व ज्ञापन में यह रहे उपस्थित
आयोजित बैठक व ज्ञापन प्रस्तुत करते समय चौरई विधायक सुजीत चौधरी, चौरई विधानसभा प्रभारी अशोक तिवारी, पर्यवेक्षक गोविंद बजौलिया, तीरथ ठाकुर, पृथ्वीराज ठाकुर, धीरज खंडेलवाल, रामू वर्मा, स्वाति श्रीवास्तव, अतरलाल कुमरे, धनपत उइके, द्वारपाल मालवी, प्रेमेन्द्र साहू, विपिन उइके, सेहस पटेल, शेषराव उइके, आधार कुमरे, नरेन्द्र गढ़ेवाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती किरण चौधरी, एनएसयूआई अध्यक्ष अयज सिंह ठाकुर सहित कांग्रेस के समस्त विभाग व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।







