“छात्रों की गूंज” अभियान में कांग्रेस का भाजपा पर बड़ा हमला, पेपर लीक से लेकर कथित भूमि घोटाले तक उठाए सवाल
सिवनी में छात्र संवाद कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बेरोजगारी के मुद्दों को उठाया, मुख्यमंत्री पर कथित भूमि खरीद मामले की जांच की मांग
छात्रों की गूंज अभियान: कांग्रेस ने उठाए पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे
Seoni, 25 June 2026
सिवनी यशो:- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मार्गदर्शन तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार संचालित “छात्रों की गूंज” अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय इंदिरा भवन सिवनी में छात्र संवाद कार्यक्रम एवं पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, पेपर लीक एवं परीक्षाओं के निरस्त होने जैसी समस्याओं को जनता के समक्ष प्रमुखता से उठाना बताया गया।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी ने कहा कि प्रदेश और देश के युवा वर्तमान शिक्षा एवं रोजगार व्यवस्था से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने और परीक्षाएं निरस्त होने से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई विभागों में बड़ी संख्या में पद रिक्त होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं की जा रही है, जिससे बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।
यह भी पढ़े :- वीरांगना रानी दुर्गावती मरावी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न
नरेश मरावी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर सिंहस्थ-2028 की तैयारियों से जुड़े कथित भूमि क्रय प्रकरण को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री एवं उनके परिजनों के नाम पर बड़ी मात्रा में भूमि खरीदी गई है। कांग्रेस ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में विफल रही है तथा युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में अपेक्षित सफलता नहीं मिली है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजा बघेल ने कहा कि वर्तमान शिक्षा तंत्र भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक और परीक्षाओं के निरस्तीकरण जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेह तंत्र स्थापित करने की पक्षधर है तथा युवाओं को इस अभियान से जुड़कर अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए।
यह भी पढ़े :- मोहन सरकार के बड़े फैसले: कन्या विवाह योजना जारी, 525 स्कूल होंगे अपग्रेड
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस संगठन महासचिव हनीफ खान, जिला कांग्रेस प्रवक्ता जेपीएस तिवारी एवं राजिक अकील, जिला कांग्रेस महासचिव शिव सनोडिया, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य “मोंटू” भूरा, जिला पंचायत सदस्य नितिन डहेरिया, जिला कांग्रेस सोशल मीडिया प्रभारी शिवदीप डेहरिया सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पत्रकार वार्ता में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
(नोट: समाचार में भूमि क्रय एवं अन्य विषयों से संबंधित आरोप कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए हैं। संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)



