बरघाट नगर परिषद के पार्षद एवं सभापति ज्ञानसिंह चौधरी का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
08 जून को सुबह 9 बजे निकलेगी अंतिम यात्रा, मोक्षधाम बरघाट में होगा अंतिम संस्कार
Seoni 07 June 2026
सिवनी/बरघाट यशो :- वरिष्ठ सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता, बरघाट नगर परिषद के सम्माननीय पार्षद एवं सभापति ज्ञानसिंह चौधरी के निधन का समाचार क्षेत्र के लिए अत्यंत दुःखद है। उनके निधन से बरघाट सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
श्री चौधरी मध्यप्रदेश विद्युत विभाग में लंबे समय तक सेवारत रहे तथा सेवा निवृत्ति के पश्चात सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। वे वर्तमान में बरघाट नगर परिषद में पार्षद एवं सभापति के रूप में जनसेवा कर रहे थे।
बताया गया है कि वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन पर राजनीतिक, सामाजिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
जानकारी के अनुसार दिवंगत ज्ञानसिंह चौधरी की अंतिम यात्रा उनके गृह निवास से 08 जून को प्रातः 9 बजे निकलेगी तथा अंतिम संस्कार मोक्षधाम बरघाट में किया जाएगा।
श्री चौधरी अपने सरल स्वभाव, सौम्य व्यक्तित्व और जनहितैषी कार्यों के कारण लोगों के बीच विशेष सम्मान रखते थे। समाज सेवा और जनसंपर्क के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।


