छिंदवाड़ा में गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन का प्रदर्शन, राष्ट्रपति से लेकर मुख्यमंत्री तक भेजा 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन
छात्रवृत्ति, पेपर लीक, भर्ती, छात्रावास, अतिथि शिक्षक भर्ती और शिक्षा व्यवस्था में सुधार सहित कई मांगें; गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और युवा मोर्चा ने दिया समर्थन
Chhindwara 13 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- छात्रों एवं युवाओं की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन (जीएसयू), जिला छिंदवाड़ा ने जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव तथा जनजातीय कार्य विभाग के आयुक्त के नाम 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन राष्ट्रीय विधिक सलाहकार गगन भलावी एवं प्रदेश अध्यक्ष निखलेश शाह उइके के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष धनपाल धुर्वे, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मिथुन धुर्वे सहित संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के आदिवासी, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, आवास भत्ता, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितता, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, शिक्षकों की कमी, जर्जर शैक्षणिक भवनों तथा आदिवासी छात्रावासों में अव्यवस्थाओं जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। संगठन का कहना है कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होगा।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें
ज्ञापन में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की लंबित छात्रवृत्ति एवं आवास भत्ता राशि का शीघ्र भुगतान, नीट, टीईटी, एसएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही प्रभावित अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क एवं यात्रा व्यय की प्रतिपूर्ति की मांग भी उठाई गई।
संगठन ने कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती में अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के रिक्त पदों को भरने, शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने, सभी महाविद्यालयों में समय पर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने, जर्जर स्कूल एवं आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण कराने, 1.5 लाख रिक्त अतिथि शिक्षक पदों पर भर्ती, आदिवासी छात्रावासों में आदिवासी अधीक्षकों की नियुक्ति, मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाने तथा खेल परिसरों को शीघ्र प्रारंभ करने जैसी मांगें भी रखीं।
ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग का भी उल्लेख किया गया है।
इस अवसर पर बकुल धुर्वे, अमन मरकाम, दीपक मर्सकोले, पीतम बट्टी, दीपिका उइके, रूपाली उइके सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



