सिवनी यशो:- कलेक्टर क्षितिज सिंघल की अध्यक्षता में सोमवार 18 सितम्बर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर कलेक्टर सीएल चनाप सहित सभी विभाग प्रमुखों की उपस्थिति रही साथ ही विकासखण्डस्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंघल ने सीएम हेल्पलाईन में 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों, जिलेवार रैंकिंग के लिए चयनित शिकायतों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य अधिक शिकायतों वाले विभागाधिकारियों को शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही कर निराकृत करने के निर्देश दिए। इसी तरह उन्होंने तहसील कार्यालयों में लंबे समय से लंबित प्रकरणों, जन अकांक्षा पोर्टल दर्ज शिकायतों, सीएम मॉनिट, सांसद एवं विधायकगणों सहित विभिन्न आयोगों से प्राप्त प्रत्येक पत्रों की विस्तृत समीक्षा कर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश संबंधित विभागाधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री सिंघल ने लाड़ली बहना योजना अंतर्गत पात्र महिलाओं की त्रुटिपूर्ण समग्र आईडी से आधार ई-केवायसी किए जाने को लेकर नाराजगी व्यक्त कर संबंधित कर्मचारियों का वेतन काटे जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसी तरह उन्होंने जिले की नगरीय निकायों में अवैध कॉलोनियों के वैध किए जाने की योजना में एवं अनाधिकृत कालोनियों पर अपेक्षाकृत कार्यवाही न किया जाना पाए जाने पर सभी संबंधित अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने पेंशन प्रकरणों की समीक्षा के दौरान संबंधित विभागाधिकारियों को विभाग में लंबित प्रकरणों पर शीघ्र कार्यवाही पूर्ण कर पेंशन कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए। इसी तरह कलेक्टर श्री सिंघल ने मुख्यमंत्री सीखों कमाओं योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, खाद्यान्न वितरण सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विकासखण्डवार जल जीवन मिशन तहत एकल एवं समूह नल जल योजना अंतर्गत अपूर्ण एवं पूर्ण कार्यों की जानकारी प्राप्त कर पूर्ण हुए कार्यों का क्रॉस वेरिफिकेशन करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंघल ने आगामी विधानसभा निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा के दौरान सभी सेक्टर एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को उन्हें सौंपे गए निर्वाचन कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।




