धान उपार्जन भुगतान व बोर्ड परीक्षा तैयारियों की समीक्षा, जिला पंचायत सीईओ ने ली बैठक
Mandla 03 February 2026
मंडला यशो :- धान उपार्जन भुगतान समीक्षा बैठक जिला पंचायत के योजना भवन में आयोजित साप्ताहिक टीएल बैठक में जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना ने किसानों के भुगतान, धान परिवहन व्यवस्था, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों तथा विभिन्न शासकीय अभियानों की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपार्जन के पश्चात किसानों का भुगतान समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए और परिवहन व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
सीईओ श्री मीना ने संबंधित अधिकारियों से किए गए धान उपार्जन, रेडी टू ट्रांसपोर्ट धान तथा भुगतान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को अनावश्यक परेशान न किया जाए और सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी तरीके से पूरी हों।
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा
आगामी बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए सीईओ ने समस्त एसडीएम, पुलिस अधिकारियों एवं बीईओ को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोपनीय परीक्षा सामग्री का सुरक्षित वितरण, परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं तथा सुरक्षा इंतजाम सर्वोच्च प्राथमिकता में रहें, ताकि परीक्षाएं निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों।
संकल्प से समाधान अभियान की प्रगति
प्रदेश सरकार द्वारा संचालित संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा करते हुए सीईओ श्री मीना ने बताया कि जिले में अभियान का प्रथम चरण समाप्ति की ओर है। उन्होंने नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों में लगाए जा रहे शिविरों में प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण कर प्रतिदिन पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए। जिन मामलों का समाधान संभव न हो, उनके कारण स्पष्ट रूप से दर्ज करने पर जोर दिया गया।
आयुष्मान कार्ड निर्माण पर जोर
कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्य को युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम, सचिव एवं मैदानी अमले को घर-घर सर्वे कर बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
संपूर्णता अभियान 2.0 की जानकारी
बैठक में जिला योजना अधिकारी द्वारा संपूर्णता अभियान 2.0 की जानकारी दी गई। बताया गया कि यह तीन माह का अभियान है, जो 14 अप्रैल तक चलेगा। इसका उद्देश्य आकांक्षी जिलों एवं विकासखंडों में स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, शिक्षा, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीबी पहचान एवं पशु टीकाकरण जैसे प्रमुख संकेतकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करना है। जिले के मवई एवं नारायणगंज विकासखंड इस अभियान में शामिल हैं।
सीईओ श्री मीना ने नीति आयोग के इस महत्वाकांक्षी अभियान को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को रणनीति बनाकर सभी 6 संकेतकों में लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, समस्त एसडीएम एवं अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।



