गर्मी में पेयजल संकट हो सकता है विकराल, सिवनी के साथ ही बालाघाट में चिंता बढ़ी
विधायक दिनेश राय मुनमुन आज भीमगढ़ डेम का करेंगे निरीक्षण
Seoni 09 April 2025
सिवनी यशो:- आज गुरुवार 10 अप्रैल को दोपहर12: 00 बजे विधायक दिनेश राय मुनमुन भीमगढ़ डेम का दौरा कर निरीक्षण करेंगे। जहां पर आप भीमगढ़ डेम मे नगर पालिका सिवनी एवं सामूहिक नल-जल योजना ग्रामीण क्षेत्र के लिए उपलब्ध पेयजल हेतु स्टोर पानी का निर्धारित गेज से कम होने की मिल रही शिकायत की वास्तविक स्थिति आमजन के बीच लाने के लिए गेज की जांच करेंगे एवं सिवनी नगर व ग्रामीण क्षेत्रों मे कैसे पेयजल उपलब्ध कराया जाए उसके निराकरण हेतु चर्चा करेंगे।
विधायक दिनेश राय मुनमुन के साथ डेम निरीक्षण के समय संबंधित विभाग के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। निरीक्षण के लिए कलेक्टर सिवनी को भी पत्र के माध्यम से सूचना दी गयी है।
यहाँ बता दें कि भीमगढ़ बांध का जल स्तर विभागीय मनमानियों के कारण कम होने का आरोप सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन पहले भी लगा चुके है ।
भीमगढ़ बांध में पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुये निर्धारित जल स्तर सुरक्षित रखने का प्रावधान है । जिसका पालन नहीं किया गया और जल स्तर इस स्थिती में पहुँच गया है कि सिवनी जिले सहित बालाघाट जिले में भी पेयजल की स्थिती बेहतर नहीं है । बालाघाट नगर पालिका से जारी विज्ञप्ति में भी बताया गया है कि बालाघाट नगर के लिये भीमगढ़ बांध पेयजल आपूर्ति होती है परंतु जल स्तर कम होने से पेयजल की चिंता बढ़ गयी है ।
बालाघाट के धान उत्पादक किसानों को सिंचाई के लिये पानी की सप्लाई अभी भी जारी है, जिससे जल स्तर निरंतर कम हो रहा है ।



