मंडलामध्यप्रदेश
पेयजल संकट की स्थिती निर्मित न हो समय पूर्व बनाये योजना – कलेक्टर
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में निर्देश
Mandala 17 February 2025
मंडला यशो:- समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सीएम हेल्पलाईन की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि 3 दिवस में अधिक से अधिक प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें। ऐसे विभाग जिनकी सीएम हेल्पलाईन पेंडेंसी अधिक संख्या में है वे सभी प्राथमिकता के साथ प्रकरणों का निराकरण करें एवं जिले की रैंकिंग को बेहतर बनाएं। उन्होंने कहा कि 50 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों पर फोकस करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर जेपी यादव एवं हुनेन्द्र घोरमारे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ सहित समस्त एसडीएम तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने 100 दिवसीय नि:क्षय शिविर की समीक्षा करते हुए कहा कि शतप्रतिशत रोगियों को चिन्हित करते हुए स्क्रीनिंग जांच के बाद उचित उपचार करें। मिशन नेत्र ज्योति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देशित किया कि एक सप्ताह में सभी बच्चों की शतप्रतिशत बच्चों की स्क्रीनिंग कराना सुनिश्चित करें। उर्वरक, भंडारण एवं वितरण की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि क्षमता के अनुसार उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करें। गेहूं उपार्जन की तैयारियां समयपूर्व पूर्ण करें।
बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन की विकासखंडवार प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि भ्रमण कर जल जीवन मिशन के कार्यों का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। गर्मी के मौसम में पेयजल संकट को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय के पूर्व सुनिश्चित करें। उच्च न्यायालय के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक प्रकरण पर निर्धारित समयावधि में जवाब प्रस्तुत करें। बैठक में कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा, राजस्व महा अभियान, अंतर्विभागीय बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।





