मध्यप्रदेशसिवनी

पांच तहसीलदारों एवं 108 ग्रामों के पटवारियों को कलेक्टर ने दिया कारण बताओ नोटिस

फॉर्मर रजिस्ट्री में धनौरा, घंसौर, कुरई, छपारा, केवलारी तथा बरघाट कम प्रगति

Seoni 17 February 2025

सिवनी यशो:- कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन की अध्यक्षता में सोमवार 17 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर कलेक्टर सी एल चनाप एवं अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खण्डायत सहित सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे, वहीं खंडस्तरीय अधिकारी वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े थे।

बैठक में सर्वप्रथम कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने सीएम हेल्प लाईन प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। उनके द्वारा की गई विस्तृत समीक्षा में शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिसमें सीएमओ बरघाट को अपने निकाय से संबंधी शिकायतों की जानकारी न होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसी तरह लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी कुरई द्वारा सड़क की गुणवत्ता से संबंधित शिकायत को बिना वजह किसी अन्य विभाग को हस्तांतरित किया जाना पाये जाने पर एसडीओ कुरई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गए हैं। जल आपूर्ति संबंधी शिकायत पर कार्यवाही न होने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एसडीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गए हैं। इसी तरह शिकायत में फॉलोअप दर्ज न करने को लेकर जेईई एमपीईबी कुरई को नोटिस जारी किया गया है। बैठक में अनुपस्थित पाये जाने तथा मानव अधिकार आयोग की शिकायत पर कार्यवाही न करने को लेकर भी सीएमओ सिवनी को नोटिस जारी किया गया है।

बैठक में कलेक्टर सुश्री जैन ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण स्थिति की भी समीक्षा करते हुए फॉर्मर रजिस्ट्री में कम प्रगति वाले धनौरा, घंसौर, कुरई, छपारा, केवलारी तथा बरघाट के तहसीलदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये हैं। इसी तरह आधार आर ओ आर एंट्री में सिवनी नगर, धनौरा, केवलारी, लखनादौन एवं छपारा को नोटिस जारी किया है। इसके अतिरिक्त फसल गिरदावरी में शून्य प्रगति वाले 108 ग्रामों के पटवारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने राजस्व अधिकारियों को शासकीय ग्रामीण तालाबों के सर्वे तथा वैटलेंड के सीमांकन कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये हैं साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नवीन हितग्राहियों को जोडऩे के लिए चलाये जा रहे सर्वे कार्यों की मॉनिटरिंग करते हुए मैदानी अमले से डोर टू डोर सर्वे कर पात्र हितग्राहियों को चिन्हांकित करते हुए पात्रता सूची में जोडऩे के निर्देश दिये हैं। उन्होंने डोर टू डोर सर्वे के दौरान आधार आर ओ आर तथा फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्यों को भी पूरा करने के लिए निर्देशित किया है।

कलेक्टर सुश्री जैन ने जिले में 31 मार्च की स्थिति में शत-प्रतिशत एकल नलजल योजनाओं कार्यों को पूरा करने के लिए पीएचई विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिन प्रतिदिन के आधार पर लक्ष्य निर्धारित करते हुए 31 मार्च की स्थिति में शत प्रतिशत एकल नलजल योजना के कार्य को पूरा करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने खाद्यान्न उठाव एवं वितरण की भी अनुभागवार समीक्षा कर परिवहन में लापरवाही बरतने वाले अनुबंधकर्ताओं को भी नोटिस जारी करने के निर्देश डीएम नॉन को दिये हैं। कलेक्टर सुश्री जैन ने जिला परिवहन अधिकारी को अपंजीकृत तथा नियम विरूध्द संचालित किए जा रहे वाहनों पर भी सख्त कार्यवाही कर प्रतिसप्ताह प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया है।

कलेक्टर सुश्री जैन ने जिले के नवाचार मिशन जीवन पर्यंत अंतर्गत मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों का अटल पेंशन योजना में नामांकन प्रगति की भी समीक्षा करते हुए वित्त विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को अधिकतम शिविर आयोजित करते हुए अधिकतम महिलाओं को लाभांवित करने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर सुश्री जैन ने वित्तीय वर्ष के समापन के मद्देनजर स्वरोजगार मूलक विभागों के अधिकारियों को लक्ष्यानुसार प्रगति के लिए अधिकतम हितग्राहियों के प्रकरण बैंक को प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया है साथ ही अग्रणी बैंक प्रबंधक को बैंकर्स से समन्वय बनाकर शीघ्र स्वीकृति एवं वितरण कराने के लिए निर्देशित किया है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!