सुकतरा चौराहे पर जल्द बनेगा फ्लाईओवर! पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन की पहल पर केंद्र ने दिखाई हरी झंडी
NH-44 पर बढ़ती दुर्घटनाओं और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए गडकरी ने दी सकारात्मक सहमति, केंद्रीय कार्यालय में प्रस्ताव पहुंचा
Seoni 12 December 2025
सिवनी/दिल्ली यशो:- सिवनी जिले के सबसे व्यस्त और दुर्घटना संभावित चौराहों में शामिल सुकतरा चौराहे पर अब फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता खुल चुका है। पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन द्वारा लगातार की जा रही पहल के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक सहमति दी है।
पूर्व सांसद बिसेन ने बताया कि अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान ही उन्होंने NH-44 पर सुकतरा में फ्लाईओवर बनाने की स्वीकृति के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा था। सुकतरा चौराहा न केवल सिवनी–नागपुर मार्ग का प्रमुख जंक्शन है, बल्कि इसके आसपास के 30–35 गांवों का मुख्य केंद्र भी है। यहां साप्ताहिक बाजार लगता है और रोजाना हजारों लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं।
📌 स्कूली बच्चों की सुरक्षा बड़ी चुनौती
सुकतरा में प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित हैं, जिन्हें अब सरकार ने ‘सांदीपनि विद्यालय – सीएम राइज स्कूल’ के रूप में विकसित किया है। लगभग 1200–1500 विद्यार्थी रोजाना साइकिलों से स्कूल पहुँचते हैं। भारी वाहनों की निरंतर आवाजाही के कारण
-
बच्चों को सड़क पार करने में भारी जोखिम,
-
स्थानीय पैदल व साइकिल चालकों की असुविधा,
-
कई गंभीर दुर्घटनाएँ
लगातार सामने आती रही हैं। इस कारण यहां फ्लाईओवर की मांग वर्षों से उठती रही है।
📌 गडकरी से दिल्ली में पुनः मुलाकात
डॉ. बिसेन ने बताया कि दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने गडकरी से सुकतरा फ्लाईओवर प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने यह भी बताया कि
“माननीय मंत्री जी ने बताया कि फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव केंद्रीय कार्यालय में पहुँच चुका है और जल्द ही इस पर सकारात्मक जानकारी प्राप्त होगी।”
उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस फ्लाईओवर के बनने से
-
दुर्घटनाएँ बंद होंगी,
-
स्कूली बच्चों को सुरक्षित मार्ग मिलेगा,
-
NH-44 पर यातायात सुगम होगा,
-
पेंच नेशनल पार्क (कर्माझिरी) और मुंडारा (बैनगंगा उद्गम) की ओर जाने वालों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
📌 स्थानीय जनों में उत्साह
फ्लाईओवर प्रस्ताव आगे बढ़ने की खबर मिलते ही सुकतरा और आसपास के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
लोगों का कहना है कि यह परियोजना सालों से लंबित थी,
लेकिन बिसेन की पहल से अब इसे वास्तविक गति मिल रही है।



