मध्यप्रदेशक्राइमसिवनी

“300-500 दो, अपनी औकात में गेहूं तुलवा लो…” – व्यापारी की दबंगई से किसान परेशान

मंडी में किसान पुत्र को धमकी, भुगतान रोकने की चेतावनी; मंडी सचिव की चुप्पी पर उठे सवाल

मंडी में किसान से अभद्रता – व्यापारी किसान से औकात की कर रहा है बात और जान से मारने की दे रहा है धमकी 

Seoni 22 May 2026
सिवनी यशो:-  जिले की कृषि उपज मंडी में किसानों के साथ कथित अभद्रता, दबाव और मनमानी का गंभीर मामला सामने आया है। किसान परिवार ने आरोप लगाया है कि मंडी के एक व्यापारी द्वारा न केवल गेहूं तौलने में जानबूझकर देरी की गई, बल्कि किसान पुत्र के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकियां भी दी गईं। मामले में मंडी प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान अनिल बघेल के पुत्र आदित्य बघेल 20 मई को सिमरिया मंडी में गेहूं लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि व्यापारी ललित ट्रेडर्स द्वारा गेहूं खरीदने की सहमति के बाद तौल के लिए शाम तक का समय दिया गया, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी गेहूं की तौल नहीं कराई गई।

“300-500 दो… अपनी औकात में तुलवा लो”

किसान पुत्र आदित्य बघेल का आरोप है कि अगले दिन उन्होंने कई बार व्यापारी से फोन पर संपर्क किया, जिस पर व्यापारी ने कथित रूप से कहा —
“300 या 500 लगाओ, हमालों से अपनी औकात में तुलवा लो…”

आरोप है कि इसके बाद व्यापारी ने किसान के साथ अभद्र व्यवहार किया और गेहूं तौलने में लगातार टालमटोल करता रहा। किसान द्वारा इसकी जानकारी मंडी प्रशासन को भी दी गई, लेकिन देर रात तक कोई समाधान नहीं निकला।

परिवार का कहना है कि आदित्य बघेल रात करीब 1 बजे के बाद घर पहुंचे, लेकिन तब तक भी गेहूं की तौल नहीं हुई थी।

“तेरी गेहूं कोई नहीं खरीदेगा…”

मामला यहीं नहीं रुका। किसान परिवार का आरोप है कि देर रात व्यापारी द्वारा फोन कर गाली-गलौच की गई और किसान अनिल बघेल को जान से मारने तक की धमकी दी गई।

इसके बाद किसान पुत्र आदित्य बघेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बावजूद कथित तौर पर व्यापारी लगातार फोन कर दबाव बना रहा है।

किसान के अनुसार व्यापारी ने कहा —
“तेरी जो औकात हो कर ले… मैं तेरी गेहूं नहीं खरीदूंगा… तू किसी को बेच भी नहीं सकता… भुगतान भी अटका दूंगा… मंडी और पुलिस मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती…”

इन आरोपों के सामने आने के बाद मंडी व्यवस्था और किसानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं।

मंडी सचिव पर भी उठे सवाल

किसान परिवार का आरोप है कि पूरे मामले की जानकारी देने के बावजूद मंडी सचिव द्वारा व्यापारी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। किसान का कहना है कि मंडी में व्यापारी किसानों पर दबाव बनाते हैं और प्रशासन किसानों की बजाय व्यापारियों का पक्ष लेता दिखाई देता है।

किसानों का यह भी कहना है कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की प्रक्रिया प्रभावित होने और स्लॉट बुकिंग में दिक्कतों के कारण किसान पहले ही परेशान हैं। ऐसे में मंडी में व्यापारियों द्वारा अभद्रता और धमकी की घटनाएं किसानों की मुश्किलें और बढ़ा रही हैं।

थाना कोतवाली में दी लिखित शिकायत

किसान अनिल बघेल द्वारा थाना प्रभारी कोतवाली को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया गया है कि व्यापारी एवं उसके सहयोगियों द्वारा मोबाइल फोन से लगातार गाली-गलौच और धमकी दी जा रही है। किसान परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित व्यापारी का लाइसेंस निरस्त किया जाए, गेहूं की तत्काल तौल कर भुगतान कराया जाए तथा किसानों को मंडी में सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाए।

अब देखना यह होगा कि मंडी प्रशासन और पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं, या फिर किसान यूं ही मंडियों में अपमान और दबाव झेलने को मजबूर रहेंगे।

https://m.dailyhunt.in/news/india/hindi/the+sootr-epaper-thesootr/indaur+me+genhu+kharidi+me+ghotala+bina+slot+buking+netaji+ka+84+lakh+ka+genhu+tul+gaya-newsid-n709575662

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!