छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

हेलमेट वालों को ही दें पट्रोल,सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा करने का किसी को अधिकार नहीं

कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा

Chhindwara 26 May 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री निवास, विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं न्यायालयों से संबंधित लंबित मामलों पर भी विशेष रूप से चर्चा की। बैठक में समसामयिक एवं अंतर्विभागीय मुद्दों पर विस्तार से मंथन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश

कलेक्टर श्री सिंह ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों का निराकरण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व की भांति इस बार भी जिला ग्रेड प्राप्त करें, इसके लिए अभी से सतत प्रयास प्रारंभ करें। श्री सिंह ने यह भी कहा कि निम्न गुणवत्ता के आधार पर प्रकरण बंद करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए। बैठक में जनपद सीईओ और एसडीएम को केवायसी कार्य को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए। सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण पर कलेक्टर ने नाराजग़ी जताते हुये कहा कि किसी को भी सार्वजनिक स्थान पर कब्जा करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने पुलिस, एसडीएम और नगर निगम को निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद दोबारा कब्जा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

हेलमेट, ट्रैफिक और सुरक्षा पर सख्ती के निर्देश

कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित किया कि सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सूचित किया जाए कि बिना हेलमेट लगाए वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। उन्होंने बसों के अनाधिकृत स्थानों पर रुकने पर नाराजग़ी व्यक्त की और ट्रैफिक व्यवस्था को कड़ाई से लागू करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक सिग्नल जम्प करने वालों पर सख्त जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने दुर्घटनाओं के मुख्य कारणों जैसे ड्रंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट के वाहन चलाना आदि का उल्लेख करते हुए सभी थानों के आसपास ब्रेथ एनालाइजऱ से जांच कराने के निर्देश दिए।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!