सिवनी विधानसभा के स्वास्थ्य केंद्रों में रिक्त पदों की पूर्ति पर सरकार ने नहीं दी समय-सीमा
विधायक दिनेश राय मुनमुन के प्रश्न पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का विधानसभा में जवाब, भर्ती प्रक्रिया निरंतर जारी रहने की बात कही
सिवनी स्वास्थ्य केंद्र रिक्त पदों पर सरकार का जवाब, भर्ती की समय-सीमा तय नहीं
Seoni 20 July 2026
भोपाल/ सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पूछे गए प्रश्न के जवाब में उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि सिवनी विधानसभा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र एवं संजीवनी क्लीनिकों से संबंधित विस्तृत जानकारी विधानसभा पुस्तकालय में रखे गए परिशिष्ट में उपलब्ध कराई गई है।
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने अपने प्रश्न के माध्यम से सिवनी विधानसभा क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य संस्थानों की संख्या, स्वीकृत एवं भरे हुए पद, रिक्त पदों की स्थिति, लंबी अवधि की छुट्टी पर रहने वाले कर्मचारियों की जानकारी तथा संविदा, आउटसोर्स एवं रोगी कल्याण समिति के माध्यम से की जा रही पदपूर्ति की व्यवस्था के संबंध में जानकारी मांगी थी।
रिक्त पदों की पूर्ति पर तय समय-सीमा नहीं
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सदन में बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में स्वीकृत, भरे एवं रिक्त पदों की जानकारी परिशिष्ट के प्रपत्र “अ” में उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि पदों की पूर्ति विभाग की एक निरंतर प्रक्रिया है, इसलिए रिक्त पद कब तक भर दिए जाएंगे, इसकी कोई निश्चित समय-सीमा बताना संभव नहीं है।
7 नर्सिंग ऑफिसर उच्च अध्ययन पर
सरकार ने यह भी बताया कि जिला चिकित्सालय सिवनी में कार्यरत 7 नर्सिंग ऑफिसर एम.एससी./एम.एससी. नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए अध्ययनरत हैं। इसके अतिरिक्त अन्य किसी कर्मचारी के संबंध में प्रश्न उपस्थित नहीं होता।
भर्ती की प्रक्रिया कैसे होती है
विधानसभा में सरकार ने स्पष्ट किया कि नियमित पदों पर भर्ती राज्य शासन स्तर से की जाती है।
- संविदा भर्ती राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) भोपाल द्वारा ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से की जाती है।
- आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति रोगी कल्याण समिति के माध्यम से निविदा प्रक्रिया द्वारा अनुबंधित एजेंसियों से कराई जाती है।
- सफाईकर्मी एवं सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था भी निविदा के माध्यम से अनुबंधित फर्मों के जरिए की जाती है।
सरकार ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों से संबंधित विस्तृत आंकड़े एवं पदवार जानकारी विधानसभा पुस्तकालय में उपलब्ध परिशिष्ट में संलग्न है।
यह भी पढ़े :-
बरघाट सिविल अस्पताल फिर बना 100 बिस्तरीय, मुख्यमंत्री की घोषणा पर मिली स्वीकृति
करोड़ों के निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर कलेक्टर सख्त, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिए कड़े निर्देश
पेंच टाइगर रिजर्व में 47 मैदानी कर्मचारियों को मिली पदोन्नति, पिपिंग सेरेमनी में कंधों पर सजे स्टार
पेंच व्यपवर्तन नहर परियोजना दिसंबर 2026 तक होगी पूरी, विधानसभा में सरकार ने दी विस्तृत जानकारी



