
रंग, गुलाल और पिचकारी के साथ मनाया गया त्योहार
सिवनी. यश़ो :- सिवनी जिले में होली का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। गुरुवार की सुबह से ही बस स्टेंड और रेलवे स्टेशनों में बाहरी शहरों में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों और काम करने वाले मजदूरों की घर वापसी को लेकर भीड़भाड़ देखने को मिली।
बाजारों में भी होली के पर्व को लेकर रौनक नजर आयी। रंग-गुलाल, पिचकारी और मुखौटे से सजे बाजारों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। मिठाई दुकानों में बतासे की माला खरीदने के लिए ग्राहक पहुंच रहे थे।
होली पर्व की शुरुआत होलिका दहन के साथ हुई। रात्रि में भद्रा काल समाप्ति के बाद होलिका दहन का सिलसिला प्रारंभ हुआ जो देर रात्रि तक चलते रहे। इसी के साथ ही 5 दिवसीय होली पर्व की शुरुआत हो गई। शुक्रवार को पूरे जिले में धूमधाम के साथ रंगोत्सव धुरेड़ी पर्व मनाया गया।
हुलियारों ने देवी देवताओं का आशीर्वाद लिया और फिर अपने परिवार जनों को तिलक लगाकर बड़ों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे होली के विशिष्ट परिधान में सिर टोपी लगाकर टोलियों में बाजे गाजे के साथ रंग उडाते हुए निकले। अनेक स्थानों पर भांग युक्त ठंडाई की व्यवस्था रही, जिसे लोगों ने जमकर पिया।
हालांकि, 10वीं 12वीं बोर्ड सहित लोकल कक्षाओं की परीक्षाओं के विद्यार्थी वर्ग होली से दूर रहे और पढ़ाई में व्यस्त रहे। पुलिस ने हुडदंगियों पर कड़ी नजर रखी और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए। पुलिस की कड़ी नजर के कारण शहर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना की खबर नहीं आई।




