मध्यप्रदेशसिवनी

12 वर्षों से सड़क पर बह रहा नाली का पानी, लाठगांव के ग्रामीण कीचड़ और गंदगी से परेशान

कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुआ समाधान, ग्रामीणों ने पुलिया और नाली निर्माण की उठाई मांग

सड़क पर जलभराव : लाठगांव में सड़क पर नाली का पानी, 12 साल से ग्रामीण परेशान

सिवनी यशो :- छपारा विकासखंड के ग्राम लाठगांव में ग्राम पंचायत की उदासीनता के चलते ग्रामीण पिछले लगभग 12 वर्षों से सड़क पर बह रहे नाली के पानी और कीचड़ की समस्या से जूझ रहे हैं। गांव की मुख्य सड़क दलदल में तब्दील हो चुकी है, जिससे रोजाना आवागमन मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत में लिखित आवेदन देकर समाधान की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सड़क पर लगातार जमा गंदे पानी के कारण संक्रमण फैलने का भी खतरा बना रहता है।

गांव का प्रमुख देवी मंदिर भी इसी मार्ग पर स्थित है। सड़क पर भरे गंदे पानी और कीचड़ के कारण महिलाओं और श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी धार्मिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग केवल लाठगांव ही नहीं, बल्कि आसपास के लगभग पांच गांवों के लोगों के लिए भी प्रमुख संपर्क मार्ग है। उनका कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान तभी संभव है जब यहां पुलिया का निर्माण किया जाए और नाली बनाकर पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था की जाए।

ग्राम पंचायत ने क्या कहा

ग्राम पंचायत लाठगांव की सचिव प्रीति सोनी ने बताया कि नाली निर्माण नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। इस संबंध में ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर विभाग को भेजा जा चुका है। तकनीकी स्वीकृति मिलते ही नाली निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।

ग्रामीण रज्जू पटेल, गुल्लू पटेल, कमलेश पटेल, संतोष पटेल, जलेबी पटेल, सोनू सराठे, भारत पटेल, प्रहलाद पटेल, मुरारी पटेल, निरंजन पटेल, राकेश पटेल, ब्रजेश उइके, आषाढू, चुन्नीलाल रजक, हरी सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button