अनुदानित कृषि ग्रेड यूरिया के दुरुपयोग की रोकथाम हेतु संयुक्त जांच दल गठित
औद्योगिक इकाइयों में औचक निरीक्षण करेगी टीम, अनियमितता मिलने पर होगी कार्रवाई
Seoni 04 June 2026
सिवनी यशो:- प्रभारी कलेक्टर अनिल कुमार राठौर ने अनुदानित कृषि ग्रेड यूरिया के संभावित दुरुपयोग की रोकथाम एवं निगरानी के लिए जिले में संयुक्त जांच दलों का गठन किया है।
मध्यप्रदेश शासन किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार यह जानकारी प्राप्त हुई है कि कृषि उपयोग हेतु उपलब्ध कराए जाने वाले अनुदानित कृषि ग्रेड यूरिया का मूल्य टेक्नीकल ग्रेड यूरिया की तुलना में काफी कम है। ऐसे में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों द्वारा कृषि ग्रेड यूरिया के उपयोग की संभावना को देखते हुए औचक निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
संयुक्त जांच दल में कई विभाग शामिल
जारी आदेश के अनुसार गठित संयुक्त दल में संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)/तहसीलदार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस/थाना प्रभारी, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र अथवा सहायक प्रबंधक तथा सहायक संचालक कृषि/अनुविभागीय कृषि अधिकारी/वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी शामिल रहेंगे।
औचक निरीक्षण कर प्रस्तुत होगी रिपोर्ट
संयुक्त दल जिले की औद्योगिक इकाइयों का औचक निरीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगा। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



