जिला पंचायत सीईओ ने किया आरसेटी सिवनी का औचक निरीक्षण
प्रशिक्षणार्थियों से चर्चा कर रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए किया प्रोत्साहित
आरसेटी सिवनी निरीक्षण – जिला पंचायत सीईओ अंजली शाह ने किया आरसेटी सिवनी का औचक निरीक्षण
Seoni 04 June 2026
सिवनी यशो:- जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली शाह ने गुरुवार को आरसेटी सिवनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में संचालित ब्यूटी पार्लर, महिला टेलरिंग एवं कंप्यूटर अकाउंटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं रोजगार संभावनाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की।

स्वरोजगार से जोड़ने का दिया भरोसा
सीईओ श्रीमती शाह ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत स्वरोजगार एवं रोजगार से जुड़ने के लिए जिला पंचायत द्वारा हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रतिभागियों को प्रोत्साहित भी किया।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
निरीक्षण के दौरान श्रीमती शाह ने आरसेटी परिसर में वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने संस्थान में संचालित विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं एवं प्रशिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए आरसेटी सिवनी के समस्त स्टॉफ की प्रशंसा की।
कुल्हड़ निर्माण और आर्ट एंड क्राफ्ट प्रशिक्षण शुरू करने के निर्देश
इस अवसर पर सीईओ ने संस्थान में नवीन रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों जैसे कुल्हड़ निर्माण एवं आर्ट एंड क्राफ्ट प्रशिक्षण प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाने पर भी जोर दिया, ताकि उन्हें स्वरोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक के प्रवीण कुमार देसोरिया की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान आरसेटी निदेशक प्रवीण नंदगौली, संकाय सदस्य पूजा शर्मा, पवन कुमार सनोडिया, कार्यालय सहायक यश अवधिया, सृष्टि सोनी, अटेंडर आशुबाला मर्सकोले, वॉचमैन अशोक कुमार मडावी सहित प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।


