NH-44 पर 5 लाख की लूट का खुलासा, केरल तक पहुंची सिवनी पुलिस की जांच
150 CCTV फुटेज खंगालकर त्रिशूर से अंतर्राज्यीय लुटेरी गैंग के 3 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
NH-44 पर 5 लाख की लूट का खुलासा, केरल से 3 आरोपी गिरफ्तार
Seoni 12 September 2026
सिवनी/लखनादौन यशो:- थाना लखनादौन क्षेत्र में NH-44 पर वाहन रोककर करीब 5 लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिवनी पुलिस ने करीब 150 CCTV फुटेज खंगालते हुए जांच को केरल तक पहुंचाया और त्रिशूर जिले से अंतर्राज्यीय लुटेरी गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया है। मामले में लूट की रकम, घटना में प्रयुक्त वाहनों तथा लूट के कथित मास्टरमाइंड समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
ऐसे दिया गया था वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार 31 अगस्त 2026 की रात करीब 11:58 बजे NH-44 पर मड़ई टोल पार करने के बाद सगताराम देवासी अपनी क्रेटा कार क्रमांक MH27DU 6216 से जबलपुर से मुंबई की ओर खिलौने एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान इनोवा कार क्रमांक MH04 CJ 8534 ने उनकी कार के आगे वाहन लगाकर रास्ता रोक दिया।
आरोप है कि बदमाशों ने लोहे के पाइप से कार के चारों तरफ के कांच तोड़ दिए। घबराकर जब सगताराम ने कार वापस मोड़ने का प्रयास किया तो आगे खड़ी पीले रंग की नंबर प्लेट वाली वैगनआर कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इसके बाद सगताराम और उनके साथी जेठाराम डरकर वाहन से उतरकर भाग गए।
कुछ देर बाद जब वे वापस अपनी कार के पास पहुंचे तो उसमें रखा करीब 5 लाख रुपये का बैग गायब मिला।
घटना की रिपोर्ट 4 सितंबर 2026 को दर्ज कराई गई। थाना लखनादौन में अपराध क्रमांक 346/2026 के तहत धारा 309(4), 324(5), 126(2), 3(5) BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
150 CCTV फुटेज से केरल तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर संभावित मार्गों तक के लगभग 150 CCTV फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान पुलिस को वारदात के तार केरल से जुड़े होने के संकेत मिले। इसके बाद विशेष टीम को केरल भेजा गया। टीम ने त्रिशूर जिले में कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लखनादौन लाया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात करना स्वीकार किया है।
मास्टरमाइंड सलीश के.वी. की तलाश
पुलिस के अनुसार मामले में सलीश के.वी., निवासी कोरट्टिकादान हाउस, पुलिप्परक्कुन्नु को लूट का मास्टरमाइंड बताया गया है। पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
त्रिशूर से पकड़े गए तीन आरोपी
पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें—
1. प्रवीण पिता प्रकाशन, निवासी नजारिकाडन, उलिप्पारकुन्नु, कोडकारा, त्रिशूर।
2. जिजो के.जे. पिता जॉनी, निवासी कल्लीवलप्पिल, थाना अलूर, त्रिशूर।
3. अरुण पी.सी. पिता चंद्रन, निवासी पोवाथिकारा हाउस, पुल्लीपारा पोस्ट, मनाकुलंगारा, त्रिशूर।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ केरल के विभिन्न थानों में पूर्व से भी कई प्रकरण दर्ज हैं। अरुण पी.सी. के विरुद्ध कोडकारा और अलूर थानों में कई मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं प्रवीण के विरुद्ध कोडकारा एवं चलाकुडी थानों में प्रकरण दर्ज हैं। जिजो के.जे. के विरुद्ध भी अलूर थाने में पूर्व के मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड को भी जांच का हिस्सा बनाया है।
लूट की रकम और दोनों वाहन अब भी पुलिस की तलाश में
पुलिस के अनुसार वारदात में इस्तेमाल इनोवा क्रमांक MH04 CJ 8534 और वैगनआर क्रमांक KL64N9241 की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही लूटे गए 5 लाख रुपये तथा फरार आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी, उप पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी लखनादौन के.पी. धुर्वे, थाना प्रभारी आदेगांव उनि आशीष धुर्वे, थाना प्रभारी छपारा उनि सुक्कुलाल उइके, साइबर सेल के सउनि देवेन्द्र जायसवाल, थाना लखनादौन के सउनि प्रदीप कुमार शर्मा, थाना धूमा के प्र.आर. अरुण पटेल, साइबर सेल के प्र.आर. अजय बघेल, थाना लखनादौन के प्र.आर. दीपेश मेहरा, आरक्षक लखनलाल उइके, थाना धूमा के आर. धनेश्वर यादव, थाना छपारा के आर. रामनरेश कैथवास, थाना लखनवाड़ा के आर. अमित रघुवंशी, अजाक के आर. रवि यादव, थाना लखनादौन के आर. लकेश पटले, आदेगांव के प्रधान आरक्षक अमर उइके, थाना कोतवाली के प्रआर. संतोष साहू, एएसआई भारतीय, हेड कांस्टेबल जितेश ठाकुर, लेडी कांस्टेबल रजनी धुर्वे तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम सिवनी के कांस्टेबल नितेश बट्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़े :-
सड़क के लिए युवाओं ने छेड़ी मुहिम, अब शासन से स्वीकृति और बजट की मांग
भावांतर पर कक्का जी की हुंकार—“अबकी बार आर-पार!
इंदौर में 11 सितंबर से यात्री परिवहन विजन समिट-2026, CM मोहन यादव करेंगे शुभारंभ



