पार्षदों के लिखे पत्र अभी तक रहे बेअसर
सिवनी यशो:- सिवनी नगर पालिका परिषद की बुधवारी बाजार शंकर मढिय़ा वाले काम्लेक्स की दुकानों में परिषद की शर्तो के विपरीत मादक पदार्थो का विक्रय और संग्रहण करने सहित अन्य प्रकार के नियम विरूद्ध व्यापारिक कार्य हो रहे है परंतु परिषद मूक दर्शक बनकर बैठी हुई है साथ ही आबकारी विभाग जिसे दुकान नीलामी के पूर्व दुकान संचालन के स्थान के संबंध में सारी जानकारी होना चाहिये वह भी इस ओर कोई ध्यान नहीं देता और अधिकारी नियम शर्तो के उल्लघंन करने वाले स्थल पर दुकान संचालन की अनुमति प्रदान कर अपनी ईमानदारी पर सवाल खड़े करते है या फिर ईमान बेच कर ही ऐसा काम करते है ।
सिवनी नगर पालिका परिषद के पार्षद राजेश राजू यादव, संजय भलावी, एवं रविशंकर भांगरे ने इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी को एक पत्र लिखकर बुधवारी काम्पलेक्स में शराब दुकान संचालन, शराब के भंडारण एवं शराब दुकान से संबंधित अन्य गतिविधियों को परिषद के दुकान आवंटन की नियम शर्तो के विपरीत बताते हुये तत्त्काल शराब विक्रय, भंडारण एवं अन्य गतिविधियों को रोकने की मांग करते हुये दुकानों के आवंटन को रद्द करने की मांग की है और पत्र में स्पष्ट किया है कि इस काम्पलेक्स की दुकान नंबर 8 जो शफी खान के नाम पर आवंटित है दुकान नंबर 09 जो धनेन्द्र कुमार जैन के नाम पर आवंटित है दुकान क्रमांक 10 जो परमानंदमल के नाम पर आवंटित है तथा दुकान क्रमांक 11 जो कैलाश अग्रवाल के नाम पर आवंटित है इन दुकानों में शराब की दुकान का संचालन, शराब का भंडारण और शराब दुकान से संबंधित अन्य गतिविधियाँ होती है जो नगर पालिका परिषद द्धारा आवँटन के पूर्व के किये गये अनुबंध के विपरीत है और अनुबंध में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि आवंटित दुकानों में शराब, मदिरा, मांस मटन एवं जुँआ सट्टा जैसे समाज विरोधी कृत्य नहीं किये जायेंगे परंतु इन दुकानों में इस प्रकार की व्यापारिक गतिविधियाँ अनुबंध का खुला उल्लघंन है जिसे तत्काल रोकने की मांग की गयी है ।
नोटिस देकर भूल जाते है अधिकारी
हालांकि पार्षदों द्वारा लिखे पत्र के माध्यम से की गयी मांग का कितना असर होता है यह आने वाला समय ही बतायेगा परंतु अभी तक लिखे पत्र बेअसर ही साबित हुये है । यहाँ बता दें कि सिवनी नगर पालिका परिषद के इन्ही पार्षदों द्वारा सदर काम्लेक्स के संबंध में भी लिखा जा चुका है, जिस पर कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई । इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी से जब चर्चा की गयी तो उन्होंने दैनिक यशोन्नति का आश्वस्त कराया है कि कार्यवाही की प्रक्रिया में भले ही समय लगे परंतु कार्यवाही निश्चित रूप से होगी ।
सिवनी नगर पालिका परिषद के अधिकारी और निर्वाचित जनप्रतिनिधि निर्धारित नियम और शर्तो के खुले उल्लघंन की ओर से आँख बंद किये हुये है और नगर पालिका की संपत्ति का दुरूपयोग किया जा रहा है । नगर पालिका परिषद अपने ही बनाये नियमो से बेखबर रहती है और याद दिलाये जाने पर भी उसके कान में जूँ नहीं रेंगती । नगर पालिका परिषद की सदर काम्पलेक्स की दुकानों के नियम विरूद्ध आवंटन और आवंटन के बाद नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हुये दुकानों में कब्जा किये हुये बैठे कब्जाधारी मनमानी तोड़ फोड़ कर रहे है तथा नियमों के अनुसार अनुबंधों का नवीनीकरण और किराया जमा नहीं कर रहे है परंतु सिवनी नगर पालिका परिषद द्वारा इन दुकानदारों को केवल नोटिस जारी किये जा रहे है कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही है । इस संबंध में सिवनी नगर पालिका परिषद के पार्षद राजेश राजू यादव सहित अन्य पार्षदों ने कार्यवाही की मांग के संबंध में पत्र भी लिखा है परंतु कार्यवाही के नाम पर केवल नोटिस ही जारी हुये है । लगभग एक सप्ताह पूर्व सिवनी नगर पालिका परिषद ने सदर काम्पलेक्स की दुकानों में नियम विरूद्ध तरीके से कब्जा जमाये बैठे दुकानदारों को 24 घंटे की समय सीमा निर्धारित करते हुये नोटिस जारी किया था कि यदि उन्होंने निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जबाव नहीं दिया तो उन्हें कब्जे से बेदखल करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी परंतु एक सप्ताह होने को है आज तक कोई कार्यवाही सुनिश्चित नहीं की गयी । जिससे नगर में चर्चा है कि सिवनी नगर पालिका परिषद के वे पार्षद जिन्होंंने कार्यवाही की मांग की है और जिम्मेदार अमला अनैतिक दबाव और अवैध कब्जाधारियों के प्रभाव में आ गया है ।



