क्राइमसिवनी

लखनादौन में गुम हुआ 10 लाख के जेवरात से भरा बैग, पुलिस ने तलाश कर महिला को लौटाया

बस स्टैंड से बैग गायब होने की शिकायत पर तत्काल सक्रिय हुई पुलिस, CCTV फुटेज से शुरू हुई तलाश

लखनादौन पुलिस ने 10 लाख के जेवरात से भरा गुम बैग किया बरामद

सिवनी यशो :- लखनादौन बस स्टैंड से गुम हुए करीब 8 से 10 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरे बैग को लखनादौन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बैग की तलाश शुरू की और लगातार प्रयासों के बाद उसे बरामद कर महिला को सुपुर्द कर दिया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कृष्णा लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी लखनादौन श्री अपूर्व भलावी के नेतृत्व में की गई।

जबलपुर से सिवनी आ रहे थे दंपती

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को जबलपुर निवासी अमन विश्वकर्मा अपनी पत्नी अर्चना विश्वकर्मा के साथ अरी रोडवेज बस से जबलपुर से सिवनी की यात्रा कर रहे थे। लखनादौन बस स्टैंड पर उतरने के दौरान उनका लाल रंग का बैग गुम हो गया।

बैग में सोने का हार, दो सोने के कंगन, सोने की झुमकी, चांदी का करधन, चांदी की पायजेब और चांदी की बिछिया सहित कपड़े व अन्य सामान रखा हुआ था। बैग गुम होने की सूचना मिलने पर पीड़ित परिवार ने थाना लखनादौन में आवेदन दिया।

सीसीटीवी फुटेज से शुरू हुई तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनादौन पुलिस ने तत्काल बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक महिला और पुरुष उक्त प्रकार का बैग ले जाते हुए दिखाई दिए।

पुलिस ने तत्काल अरी रोडवेज बस से संपर्क कर बस की जांच भी कराई। जांच के दौरान लाल रंग का एक अन्य बैग मिला। इस बैग के संबंध में थाना कोतवाली से भी तस्दीक कराई गई, लेकिन उसमें पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला।

जेवरात सहित बैग सकुशल मिला

पुलिस के लगातार प्रयासों के बीच 7 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे श्रीमती रजनी पति संजय विश्वकर्मा, निवासी शारदा चौक, जबलपुर और उनके भाई मोहन पिता दामोदर विश्वकर्मा, निवासी डुंडवारा, थाना मुंगवानी ने एक बैग थाना लखनादौन में लाकर प्रस्तुत किया।

पुलिस ने बैग की तस्दीक और आवश्यक पहचान की कार्रवाई की। जांच में बैग श्रीमती अर्चना विश्वकर्मा का पाया गया। बैग के अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और अन्य सामान सही-सलामत मिले।

इसके बाद पुलिस ने करीब 8 से 10 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य सामान सहित गुम हुआ बैग अर्चना विश्वकर्मा को सकुशल सुपुर्द कर दिया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में एसडीओपी लखनादौन श्री अपूर्व भलावी, उपनिरीक्षक श्रीमती श्रोती शर्मा, प्रधान आरक्षक क्रमांक 44 श्रीमती बबिता सेन, आरक्षक क्रमांक 385 श्री लकेश पटले और आरक्षक क्रमांक 405 श्री सूरज मेहरा की सराहनीय भूमिका रही।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button