सांसद विवेक साहू ने अधिकारियों और प्रतिभागियों को किया सम्मानित
76 वें गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद
Chhindwara 27 January 2025
छिंदवाड़ा यशो:- 76 वां गणतंत्र दिवस जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउण्ड छिंदवाड़ा में पूरी गरिमा, उमंग और हर्षोल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया । इस दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने शहर में कई स्थानों पर ध्वजारोहण किया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और समारोह के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विशेष प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया।
कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली ।
कलेक्टर श्री सिंह ने प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया। इस दौरान प्रतिभागियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सराहनीय प्रदर्शन करने पर विद्या भूमि पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों को प्रथम, शासकीय कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं को द्वितीय, भारत भारती विद्यालय के विद्यार्थियों को तृतीय पुरस्कार प्रदान किये गये। व्यायाम प्रदर्शन में फर्स्ट स्टेप इंग्लिश मीडियम स्कूल छिन्दवाड़ा के विद्यार्थियों को प्रथम पुरूस्कार प्रदान किया गया। साथ ही सर्वश्रेष्ठ कराते प्रदर्शन में श्रीनाथ हायर सेकेण्डरी स्कूल छिन्दवाड़ा को भी प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। झांकियों में 18 विभागों ने आकर्षक ढंग से शासन की कल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन किया।
समारोह में आकर्षक परेड करने वाली प्लाटून भी पुरस्कृत हुये। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, महापौर विक्रम अहके, वरिष्ठ भाजपा नेता विजय पाण्डेय, युवा नेता अजय सक्सेना, चंद्रकुमार चंदू जैन, अलकेश लांबा, संजय सक्सेना, जितेन्द्र जित्तू राय, पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, छात्र-छात्राएं तथा आम नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन ओ.पी.शर्मा, श्रीमती वाणी शुक्ला और नरेंद्र शक्रवार द्वारा किया गया।



