सरकार की योजनाओं का लाभ ले रहे हितग्राहियों का सांसद ने किया सम्मान
मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर छिंदवाड़ा में हितग्राही हुए सम्मानित
Chhindwara, 09 June 2025
छिंदवाड़ा यशो :- मोदी सरकार के सफलतम 11 वर्षों के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को सांसद बंटी विवेक साहू ने छिंदवाड़ा शहर के विभिन्न वार्डों में जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों का सम्मान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना एवं उज्जवला योजना के लाभार्थियों के घर पहुंचकर उन्हें पुष्पगुच्छ, शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
सांसद श्री साहू ने वार्ड क्रमांक 10, महुआ टोला में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभान्वित परिवारों के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने 11 वर्षों में अनेक उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं। आज मैं उन्हीं की ओर से आपके प्रति आभार और सम्मान प्रकट करने आया हूं।”
इसके उपरांत वे वार्ड क्रमांक 18, राजेन्द्र नगर व शुक्लूढाना पहुँचे, जहाँ उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राशन प्राप्त कर रहे हितग्राहियों को बधाई देते हुए सम्मानित किया और राशन भी वितरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद साहू ने कहा कि “मोदी सरकार ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुविधाएं पहुँचाने का कार्य किया है। इन योजनाओं ने गरीबों को संबल प्रदान किया है।”
महापौर विक्रम अहाके ने भी इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “हमारे सांसद बंटी विवेक साहू ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में 100 से अधिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर, पदयात्राओं के माध्यम से जनसमस्याएं सुनीं और समाधान किया। उन्होंने जनहित के अनेक कार्य किए हैं, जो सराहनीय हैं।”
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, लाभार्थियों एवं आमजन की उपस्थिति रही। माहौल उत्सवमय एवं सराहनीय कार्यों की प्रशंसा से भरा रहा।



