विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान का शुभारंभ करेंगे सीएम डॉ. मोहन यादव
भोपाल में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम, पूरे प्रदेश में चलेंगे पौधारोपण और जनजागरूकता अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम अभियान 2.0” शुरू करेंगे सीएम मोहन यादव
Bhopal 04 June 2026
भोपाल यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे होगी। आयोजन “इंस्पायर्ड बाय नेचर, फॉर क्लाइमेट एंड फॉर अवर फ्यूचर” थीम पर केंद्रित रहेगा।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में दिए जाएंगे राज्य स्तरीय पुरस्कार
कार्यक्रम में 8 श्रेणियों में 11 राज्य स्तरीय पर्यावरण पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। ये पुरस्कार पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली औद्योगिक इकाइयों, शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और व्यक्तियों को वर्ष 2024-25 के लिए दिए जाएंगे।
500 बावड़ियों के प्रलेखन दस्तावेजों का होगा विमोचन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सर्कुलर इकॉनॉमी विषय से संबंधित 5 कोर्स मॉड्यूल्स तथा एप्को एवं इन्टैक द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 16 जिलों की 500 बावड़ियों के प्रलेखन दस्तावेजों का विमोचन भी करेंगे।
30 सितंबर तक चलेगा “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान
अभियान के अंतर्गत नागरिकों, शैक्षणिक संस्थाओं, उद्योगों, स्व-सहायता समूहों, नगरीय निकायों, पंचायतों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा। रोपे गए पौधों का जियो-टैगिंग कर उनका पंजीयन “मेरी लाइफ” पोर्टल पर किया जाएगा।
यह अभियान 5 जून से 30 सितंबर 2026 तक प्रदेशभर में जन-सहभागिता के साथ संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम में पर्यावरणविद भी अपने विचार व्यक्त करेंगे। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार भी उपस्थित रहेंगे।
जिला स्तर पर होंगे जन-जागरूकता कार्यक्रम
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी जिलों में पर्यावरण संरक्षण संबंधी जन-जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठियां, रैलियां, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं, पौधारोपण अभियान, स्वच्छता गतिविधियां तथा पर्यावरण शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



