सिवनी

प्रधानमंत्री कालेज ऑफ एक्सीलेंस के एनसीसी कैडेट्स ने किया सिवनी शहर में स्वछता कार्य

Seoni 28 May 2025
सिवनी यशो:–स्वछता अभियान जागरूकता के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय पीजी कॉलेज सिवनी सीनियर डिवीजन के एनसीसी कैडेट्स ने आज जिला मुख्यालय पर स्थित प्रमुख चौराहे डॉक्टर अंबेडकर चौक पर स्वच्छता अभियान चलाय। पीजी कॉलेज के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट पवन कुमार वासनिक ने बताया कि एनसीसी कैडेट्स ने डॉ आंबेडकर चौक के परिसर के चारों तरफ एवं परिसर में साफ सफाई की। बताया कि 24 मप्र बटालियन एनसीसी छिंदवाड़ा के कमान अधिकारी के आदेशानुसार एनसीसी गतिविधि के अंतर्गत शहर के एक चौराहे पर स्वच्छता अभियान की कार्यवाही की जानी थी जिसके अंतर्गत सीनियर डिवीजन एनसीसी के कैडेट ने डॉक्टर अंबेडकर स्मारक का चयन किया एवं इसके आसपास बिखरे हुए पॉलिथीन व अन्य कचरे को हटाया। बताया कि डॉ अम्बेडकर स्मारक समिति के प्रमुख एडवोकेट सुरेंद्र बरमाटे ने कैडेट्स के लिए डॉक्टर अंबेडकर स्मारक परिसर पर स्वच्छता अभियान की स्वीकृति प्रदान की एवं उपस्थित होकर कैडेट का मार्गदर्शन भी किया।

स्वच्छता अभियान के पश्चात एडवोकेट सुरेंद्र बरमाटे एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट पवन कुमार वासनिक ने डॉक्टर अंबेडकर जी के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं कैडेट्स को डॉक्टर बाबासाहेब अंबेडकर के योगदान के बारे में बताया। एडवोकेट बरमाटे ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर जी का जीवन संघर्षों से भरा था उन्होंने समाज में समता, स्वतंत्रता, बंधुता स्थापित करने के लिए शिक्षा का सहारा लिया और 22 डिग्रियां प्राप्त की। संविधान सभा ने भारतीय संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के लिए डॉ बाबासाहेब अंबेडकर का चयन किया था।

उन्होंने कहा कि युवाओं को बाबा साहब के संघर्ष से सीखने की आवश्यकता है और समाज में होने वाले किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की आवश्यकता है। बाबा साहब का जीवन युवाओं के लिए एक प्रेरणा स्रोत है।कहा की जीवन में सीखते रहना और अपने व्यक्तित्व का विकास करना ही मनुष्य का अंतिम लक्ष्य होना चाहिए। लेफ्टिनेंट पवन कुमार वासनिक ने एडवोकेट बरमाटे जी के प्रति आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ रविशंकर नाग, जनभागीदारी अध्यक्ष श्री अजय बाबा पांडे जी व स्टॉफ ने केडेट्स के कार्य की सराहना की।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!