पीजी कॉलेज सिवनी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया एनसीसी स्थापना दिवस
देशभक्ति प्रस्तुतियाँ, उत्कृष्ट कैडेट्स का सम्मान और अनुशासन व नेतृत्व पर प्रेरक उद्बोधन
Seoni December 11, 2025
सिवनी यशो:- प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय पीजी कॉलेज सिवनी में एनसीसी का 78वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग, जबलपुर संभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. पी.आर. चंदेलकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष अजय बाबा पांडे, डॉ. शिवचरण मेश्राम, तथा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रवि शंकर नाग भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने पहुंचे। अतिथियों का शाल–श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
एनसीसी कैडेट्स की उपलब्धियाँ रखीं सामने
एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट पवन कुमार वासनिक ने वर्षभर की गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि कैडेट लगातार स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, रक्तदान, नशामुक्ति जागरूकता जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं।
उन्होंने बताया कि कॉलेज के 6 कैडेट्स ने समय–समय पर रक्तदान कर समाज में सेवाभाव का संदेश दिया।
कैडेट शिव चंद्रवंशी वर्तमान में कर्नाटक में आयोजित एक भारत श्रेष्ठ भारत कैंप में कॉलेज का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

मुख्य अतिथि ने बढ़ाया उत्साह
एनसीसी स्थापना दिवस पीजी कॉलेज सिवनी में मुख्य अतिथि डॉ. चंदेलकर ने अपने उद्बोधन में कैडेट्स के अनुशासन,
वर्दी के प्रति सम्मान,
और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
उन्होंने अग्निवीर योजना में चयनित कैडेट राजाराम और उनकी माताजी को सम्मानित किया तथा कहा—
“एनसीसी युवाओं को संगठित करती है,
नेतृत्व क्षमता विकसित करती है और राष्ट्रनिर्माण के लिए तैयार करती है।”
कैडेट्स के प्रदर्शन को मिली सराहना
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष अजय बाबा पांडे ने कहा कि –
लेफ्टिनेंट वासनिक के नेतृत्व में कॉलेज के कैडेट हर कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
कैडेट प्राची ताराम के आरडीसी दिल्ली के अंतिम चयन शिविर में शामिल होने को उन्होंने जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
डॉ. शिवचरण मेश्राम ने कहा—
“वर्दी जिम्मेदारी का बोध कराती है, और एनसीसी कैडेट्स समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।”
प्राचार्य डॉ. नाग ने कहा कि कॉलेज के कैडेट कॉलेज की हर गतिविधि में अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ योगदान देते हैं।
देशभक्ति से सराबोर हुआ प्रांगण
कार्यक्रम में कैडेट्स ने देशभक्ति गीत, नृत्य और लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।
सीनियर कैडेट निखिल चौरे के नेतृत्व में युद्ध क्षेत्र की सेक्शन फॉर्मेशन ड्रिल का रोमांचक प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ सम्पन्न
अंत में लेफ्टिनेंट पवन कुमार वासनिक ने सभी अतिथियों, कैडेट्स और आयोजन में सहयोग करने वाले शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ सम्पन्न हुआ।




One Comment