नही तप रहा नौतपा पारा गिरा, गरज चमक के साथ बारिश हो रही दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
Chhindwara 27 May 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- जिले में इस वर्ष नौतपा की शुरूआत बारिश के साथ हुई बारिश के चलते तपने के बजाए नौतपा में नहीं तप रहा है। जिससे पारा 37 डिग्री पर सिमट गया है हालाकि उमस बनी हुई है। 25 मई से शुरू हुए नौतपा पहले दिन से ही जिले में बारिश दर्ज की गई जिससे आमतौर पर इस अवधि में महसूस की जाने वाली भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली हालाकि उमस बनी हुई है। 26 मई को भी हल्की बूंदाबांदी एवं उमस बनी रही मंगलवार सुबह 11 बजे से ही आसमान में बादल छाए रहे और आसमान में घने बादल के साथ तेज गर्जना के साथ बारिश भी हुई जिले के लावाघोघरी,जुन्नारदेव और बिछुआ सहित शहरी क्षेत्रों में बरिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दो दिनों तक इसी प्रकार का मौसम बना रहेगा जिसमें दिनभर रिमझिम बारिश होने की संभावना है। छिंदवाड़ा में तापमान 37 डिग्री तक सिमट गया और 34 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। तापमान में गिरावट और बढ़ती नमी के कारण अस्पतालों में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
फसलों पर भी प्रभाव पडऩे की आशंका
किसानों के लिए यह मौसम चिंता का विषय है। क्योंकि अचानक बदलते मौसम से आने वाली खरीफ की सीजन की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। नौतपा के तपने से बारिश के अच्छे आसार रहते हैं लेकिन नौतपा में हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। हालाकि प्रकृति प्रेमियों के लिए यह मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस वर्ष नौतपा के दौरान तापमान में अपेक्षित वृद्वि नहीं हो रही है जिससे यह अवधि सामान्य से अलग प्रतीत हो रही है।
हल्की बारिश होने की संभावना
भोपाल द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगले 120 घंटो के दौरान (28 मई से 01 जून 2025) घने से मध्यम बादल रहने एवं दिनांक 28.05.2025 से 31.05.2025 को बिजली, तूफान/तेज़ हवा (40-50 किमी प्रति घंटा) के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है । अधिकतम तापमान 34-35 डिग्री सेन्टीग्रेट एवं न्यूनतम तापमान 25-26 डिग्री. सेन्टीग्रेट के मध्य रहने की संभावना है । अधिकतम सापेक्षित आर्द्रता 72-77 प्रतिशत एवं न्यूनतम सापेक्षित आर्द्रता 41-45 प्रतिशत रहने की संभावना है । आने वाले दिनों में हवा दक्षिण एवं पश्चिम दिशाओ में बहने एवं 03-15 कि. मी. प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है ।



