अब सहजयोगियों को आश्रम आने जाने में नहीं होगी परेशानी
सांसद ने आश्रम जाने वाले मार्ग निर्माण के लिए दी 5 लाख की सांसद निधि
Chhindwara 21 March 2025
छिंदवाड़ा यशो:- परमपूज्य श्रीमाताजी निर्मला देवी सहज योग ट्रस्ट द्वारा माताजी का 102 वां जन्मोत्सव मनाया जा रहा है।पिछले दिनों सांसद बंटी विवेक साहू ने परिवार सहित लिंगा सालीमेटा के आश्रम में पहुँचकर माताजी के छाया चित्र में माथा टेका था। और जिलेवासियों के लिए सुख समृध्दि की कामना की थी। इस दौरान ट्रस्ट के प्रमुखजनों एवं सहज योगियों ने सांसद श्री साहू के समक्ष आश्रम तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण आने जाने में हो रही परेशानियों से अवगत कराया था।
साथ ही सड़क निर्माण के लिए सांसद निधि की मांग की थी। लिंगा मंडल अध्यक्ष घनश्याम कड़वे, जनपद सदस्य विपिन कराड़े एवं लिंगा सरपंच रूपेश कराड़े की अनुशंसा पर सांसद श्री साहू ने सड़क निर्माण के लिए 5 लाख की राशि अपनी सांसद निधि से स्वीकृत कर दी है।
उल्लेखनीय है कि श्रीमाताजी निर्मला देवी का जन्मोत्सव प्रतिवर्ष उनकी जन्मस्थली छिंदवाड़ा में मनाया जाता है, जहां भारत सहित अन्य देशों से बड़ी संख्या में सहजयोगी यहां पहुँचते है। इस वर्ष भी इस तीन दिवसीय जन्मोत्सव महोत्सव में बड़ी संख्या में सहजयोगियों का आना प्रारंभ है। उक्त सड़क स्वीकृत की जाने पर ट्रस्ट के समस्त पदाधिकारियों सहित सहजयोगियों ने सांसद बंटी विवेक साहू का आभार व्यक्त किया है ।



