चंबल के पूर्व डकैत मलखान सिंह कांग्रेस में शामिल
भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव है। इससे पहले नेताओं का एक दल से दूसरे दल में आने-जाने का सिलसिला तेज हो गया है। मंगलवार को चंबल के पूर्व डकैत मलखान सिंह ने कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके अलावा निवाड़ी के पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी रहे संतोष शर्मा ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर मलखान सिंह ने कहा कि कमलनाथ को फिर मुख्यमंत्री बनाएंगे।
पूर्व सीएम कमलनाथ ने चंबल के पूर्व डकैत मलखान सिंह को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। इससे पहले मलखान सिंह ने 2014 भाजपा की सदस्यता ली थी। 2018 में टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने भाजपा की सदस्यता छोड़ दी थी। इसके बाद अब उन्होंने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की है। इस अवसर पर मलखान सिंह ने कहा कि मैंने अत्याचार के खिलाफ बीहड़ में बंदूक उठाई। स्वर्गीय अर्जुन सिंह ने मुझे समर्पण करवाया। अर्जुन सिंह ने मुझे 100 बीघा जमीन दी। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कि 20 साल से किसान रो रहे है। महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहे है। बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहे है। उन्होंने कहा कि मैंने इन लोगों का अत्याचार और अन्याय देखा है। उन्होंने कहा कि हम बागी थे और भाजपा के नेता डाकू है। मलखान अब कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे।




