धर्ममध्यप्रदेशसिवनी

वट सावित्री पूर्णिमा पर सुहागिनों ने वट वृक्ष की पूजा कर मांगी पति की दीर्घायु और सुख-समृद्धि

 Seoni 10 June 2025

छपारा यशो:- नगर में मंगलवार को वट सावित्री पूर्णिमा का पर्व पारंपरिक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं गृहकल्याण की कामना करते हुए वट वृक्ष की विधिवत पूजा-अर्चना की।

प्रातः 9 बजे से ही नगर के बैंगनवा नदी घाट, पुलिस थाना परिसर, बस स्टैंड, कुम्हारी वार्ड के शिव मंदिर, सिद्ध बाबा घाट सहित अन्य प्रमुख पूजा स्थलों पर सुहागिनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वट वृक्ष के चारों ओर महिलाओं ने पूजन थाल सजाकर, सोलह श्रृंगार कर पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की और पति के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए व्रत रखा। यह पूजा क्रम दोपहर तक चलता रहा।

इस अवसर पर महिलाओं ने निर्जला उपवास कर व्रत की कठोर साधना करते हुए सावित्री-सत्यवान की कथा सुनी और वट वृक्ष की परिक्रमा की। वट सावित्री व्रत भारतीय संस्कृति में पति-पत्नी के प्रेम, निष्ठा और समर्पण का प्रतीक पर्व माना जाता है।

गौरतलब है कि इस वर्ष वट सावित्री व्रत की आरंभिक पूजा 8 जून को की गई थी। कुछ महिलाएं जो किन्हीं कारणों से उस दिन व्रत नहीं कर सकीं, उन्होंने पूर्णिमा तिथि पर यह पर्व विधिपूर्वक मनाया। बताया जाता है कि महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न अंचलों में इस पर्व का विशेष महत्व है और इसे पूरे श्रद्धा भाव से मनाया जाता है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!