किसानों की मांग पर ग्राम तिंदुआ में धान उपार्जन केंद्र शुरू
कलेक्टर, एसडीएम व विधायक के निर्देश पर किसानों को मिली बड़ी सुविधा

छींदा यशो :- सिवनी जिले की केवलारी तहसील अंतर्गत ग्राम तिंदुआ में मेहनतकश किसानों की लंबे समय से उठ रही मांग के बाद धान उपार्जन खरीदी केंद्र प्रारंभ कर दिया गया है। ग्रामीणों और क्षेत्रीय किसानों के अनुसार यह केंद्र छींदा–खैररांजी मुख्य मार्ग के पास स्थित ग्राउंड में शुरू किया गया है, जहाँ किसान शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर अपनी फसल को बेच सकेंगे।
सहकारी प्रक्रिया एवं विपणन संस्था मर्यादित केवलारी द्वारा संचालित यह केंद्र, प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर धान की गुणवत्ता परीक्षण के आधार पर खरीदी करेगा।
ग्रामीणों ने की थी मांग
गत दिवस ग्राम तिंदुआ सहित बक्शी, बबरिया, चांदखेड़ा, डुंगरिया, गुबरिया आदि गांवों के किसानों ने केवलारी एसडीएम, जिला कलेक्टर और क्षेत्रीय विधायक से मांग की थी कि तिंदुआ में पूर्व की तरह ही धान उपार्जन केंद्र संचालित किया जाए। किसानों की सुविधा और दूरी की समस्या को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मांग को स्वीकार कर केंद्र प्रारंभ कर दिया।
जनप्रतिनिधियों व किसानों की उपस्थिति
केंद्र के शुभारंभ अवसर पर ग्राम पंचायत तिंदुआ की सरपंच श्रीमती अर्चना राजपूत, जनपद सदस्य मुकेश सिंह राजपूत, भाजपा मंडल अध्यक्ष सचिन राजपूत, विपणन संस्था के प्रबंधक पृथ्वीराज साहू, केंद्र प्रभारी राकेश डेहरिया सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
किसानों में सदन राजपूत, दुर्गेश राजपूत, बृजेश सिंह राजपूत, सुनील राजपूत, अश्वनी राजपूत, मानसिंह उइके, निजाम मरावी, देवकुमार झारिया, धीरसिंह कुमरे, संजय सिंह, माधव सिंह, सुमर सिंह, अर्जून सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
स्थानीय किसानों ने केंद्र शुरू किए जाने पर जिला कलेक्टर, एसडीएम केवलारी और क्षेत्रीय विधायक ठा. रजनीश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।



