भूकंप के लगातार झटको से आमजनों में दहशत
29 सितंबर से लगातार महसूस हो रहे झटके
सिवनी यशो: सिवनी जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्र में लगातार भूकंप के झटके पिछले चार दिनों से महसूस किये जा रहे है 29 सितंबर से 02 अक्टूबर तक छै बार जोरदार आवाज के साथ धरती में कंपन महसूस किया गया है हालांकि अभी तक कोई जानमाल का नुकसान सामने नहीं आया है परंतु लगातार भूगर्भीय हलचल से आम आदमी में भारी दहशत का वातावरण बना हुआ है । 02 अक्टूबर की सुबह सवा सात बजे जिस प्रकार से भूकंप का झटका महसूस किया गया वह दिल दहला देने वाला था तथा इसके कुछ देर बाद पुन: भूकंप का झटका महसूस किया गया और सोमवार के दिन ही साढ़े तीन बजे के करीब पुन: आवाज के साथ जमीन कांपने कांपने से आम आदमी बुरी तरह दहल गया है । पिछले चार दिनों से जमीन के अंदर हो रही हलचल से जहाँ आम जनता बुरी तरह दहशत में वहीं प्रशासन द्वारा इस संबंध में किसी प्रकार का जबावदारी पूर्ण जबाव नहीं आना चिंता का विषय है ।
यहाँ बता दें कि भूकंप के झटके पिछले चार दिनों से लगातार आ रहे है । यह भूकंप ही है या और कुछ यह स्पष्ट नहीं हो रहा है परंतु जो भी हो रहा है वह भूगर्भीय हलचल है । सिवनी जिला मुख्यालय में इस प्रकार की स्थिती पिछले चार वर्षो से लगातार बनी हुई है । आम आदमी का कहना है कि इस प्रकार से धरती का डोलना जिले के लिये शुभ संकेत नहीं है । किसी भी दिन कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है । निश्चित तौर पर जमीन के अंदर की स्थिती ठीक नहीं है और जो कंपन हो रहा है वह सिवनी के आसपास ही महसूस किया जा रहा है और यह स्थिती वर्षा ऋतु के बाद ही होती है । इसकी गहराई चार किलोमीटर गहराई बतायी जा रही है।
पिछले वर्षो में इसका क्षेत्र डूंडासिवनी चूना भट्टी के आसपास रहा है । पिछले साल भूगर्भीय हलचल पर जांच करने आए भू वैज्ञानिको ने बताया था कि वर्षा का पानी दरारों के जरिए गहराई में पहुंचने के कारण तैयार ऊर्जा के बाहर निकलने से यह झटके महसूस किए जा रहे हैं। बीते तीन सालों में कई बार भूकंप के झटके महसूस किए गए है। इनमें से कुछ रिक्टर स्केल पर भी दर्ज हुए हैं। चिंता की बात यह है कि जमीन के अंदर जिस प्रकार से यह हलचल हो रही है उससे अनेक भवनों को क्षति तो हो ही रही है परंतु इसके कारण कोई बड़ी हानि होने की संभावना तो नहीं है यह स्थिती भू वैज्ञानिक ही स्पष्ट कर सकते है । झटको से भयभीत जिलेवासियों को प्रशासन ही सूक्ष्म जाँच कराकर भय मुक्त करा सकता है ।





