पटाखा फैक्ट्री और गोदामों की जांच कर सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित कराएं : कलेक्टर
राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश
🚨 पटाखा फैक्ट्री और गोदामों की जांच कर सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित कराएं : कलेक्टर
पटाखा फैक्ट्री जांच छिंदवाड़ा, गोदामों की भी होगी संयुक्त जांच, कलेक्टर हरेंद्र नारायन के सख्त निर्देश
छिंदवाड़ा यशो :- जिले में जनसुरक्षा, राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और अवैध उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि
आमजन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी समयसीमा में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
बैठक में राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने
नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन जैसे लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में देरी होने से आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है,
इसलिए प्रत्येक अधिकारी जवाबदेही के साथ कार्य करें।
🔥 पटाखा फैक्ट्री और गोदामों की संयुक्त जांच के निर्देश
कलेक्टर श्री नारायन ने एसडीएम छिंदवाड़ा, परासिया, जुन्नारदेव और चौरई को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्रांतर्गत
विस्फोटक नियमों के तहत संचालित स्टोर हाउस, थोक पटाखा गोदामों एवं पटाखा निर्माण फैक्ट्रियों
की पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त जांच की जाए।
उन्होंने कहा कि हाल के समय में देखने में आया है कि अधिकांश अग्नि दुर्घटनाएं सुरक्षा मानकों के अभाव के कारण घटित हो रही हैं।
जिले में ऐसी किसी भी दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी विस्फोटक संस्थानों का गंभीरता से निरीक्षण किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि
राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम, जिसमें नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के सहायक फायर ऑफिसर को भी शामिल किया जाए,
सभी थोक पटाखा दुकानों, फैक्ट्रियों एवं स्टोर हाउस का निरीक्षण करे तथा यह सुनिश्चित करे कि वहां
अग्नि सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं।
कलेक्टर ने विशेष रूप से
मेकेनिकल फोम, वाटर टाइप, ए.बी.सी. टाइप फायर एक्सटिंग्विशर, फायर वॉल सिस्टम, रेत की बाल्टी एवं पर्याप्त पानी
जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को यथाशीघ्र जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया।
⛏️ अवैध उत्खनन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश
बैठक में अवैध खनन एवं उत्खनन के मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने
खनिज एवं राजस्व अमले को संयुक्त रूप से लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए
सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखी जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां
सुनियोजित रणनीति बनाकर सख्ती से कार्रवाई की जाए, ताकि अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।



