छिंदवाड़ामध्यप्रदेशराजनीति
पुलिस का डण्डा केवल गरीब तबके पर चल रहा – कपाले
कानून व्यवस्था चौपट, पुलिस का खौफ खत्म, ग्वालियर में अपहरण की घटना ने खोल दी कानून व्यवस्था की पोल
Chhindwara 18 February 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- कानून व्यवस्था चौपट, अपराधी बेखौफ और पुलिस सुस्त है। इसीलिये लगातार छोटी-बड़ी वारदातें घटित हो रही जिसके लिए प्रदेश की भाजपा सरकार का पूरा सिस्टम जिम्मेदार है। ग्वालियर में मासूम बेटे के अपहरण की वारदात ने पुलिस की कलई खोल दी। उक्त उदगार आज कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष सुरेश कपाले ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से व्यक्त किए।
कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष सुरेश कपाले ने प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि जिले के साथ ही प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। पुलिस का डण्डा केवल गरीब तबके पर चल रहा। अपराधी बेलगाम कानून व्यवस्था को रौंद रहे, लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर पा रही। पुलिस व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए श्री कपाले ने कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस व प्रशासन ने समाज को गरीब व अमीर के बीच में बांट दिया है।
कार्रवाई निष्पक्ष होने की बजाए प्रभावी लोगों के प्रभाव से प्रभावित हो रही। जिसका सीधा खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा, क्योंकि अपराध करने वाला प्रभावी है तो निश्चित ही कार्रवाई नहीं होगी और अगर होती है तो शिथिलता बरती जा रही। भाजपा सरकार में पुलिस केवल नम्बर बढ़ाने वाले कार्रवाई कर रही जो समाज में तेजी से फैल रहे अपराध को बढ़ावा देने वाला साबित हो रही है।श्री कपाले ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के अंत में कहा कि ग्वालियर में मां की आंखों में मिर्ची झोंककर बच्चे का अपहरण की घटना बेहद निंदनीय है। भाजपा की सरकार में अंधेर नगरी चौपट राजा वाली कहावत पूरी तरह से सटीक बैठ रही। अपराध मुक्त प्रदेश व सुशासन की बात भाजपा केवल भाषणों में करती है। हकीकत इससे कोसों दूर है, क्योंकि विगत 20 वर्षों की भाजपा सरकार में अपराध ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जनता देख रही कि भाजपा सरकार में किस तरह अपराध चरम पर है।





