Seoni 18 April 2025
सिवनी यशो:- आगामी 20 अप्रैल को जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी सदानंद जी महाराज का सिवनी नगर में अल्प प्रवास सुनिश्चित हुआ है । पूज्य शंकराचार्य सिवनी नगर में विभिन्न कार्यक्रमों में उपस्थित होकर धर्मोपदेश प्रदान करेंगे । शंकराचार्य जी महाराज के शिष्य नरेन्द्र ठाकुन ने उक्ताशय की जानकारी देते हुये बताया कि सिवनी नगरवासियों के लिए यह अत्यंत हर्ष और सौभाग्य का विषय है कि श्री द्वारका शारदा पीठाधीश्वर, जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी महाराज का शुभागमन दिनांक 20 अप्रैल 2025 (रविवार) को सिवनी में होने जा रहा है।
यह पावन अवसर समस्त श्रद्धालुजन एवं धर्मप्रेमियों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण होगा। स्वामी जी महाराज अपने संक्षिप्त प्रवास के दौरान सिवनी नगर के प्रमुख दो मंदिरों में पधारकर शंकर परंपरा की ज्ञान-धारा, वेद-शास्त्रों की महिमा, सनातन धर्म के मूल तत्वों और समसामयिक धार्मिक चेतना पर अपने अमूल्य विचार प्रस्तुत करेंगे।
महाराज श्री शाम 6:00 बजे श्री नर्मदेश्वर शिवलिंग मंदिर पधारेंगे जहाँ वे मोती घाट बरघाट नाका के किनारे विराजे नर्मदेश्वर मंदिर में शिवजी के दर्शन श्रद्धालुजनों को आशीर्वाद देंगे।
तत्पश्चात शाम 6:30 बजे श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, बस स्टैंड, में श्री लक्ष्मीनारायण भगवान के दर्शन कर यहाँ भी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
स्वामी सदानंद सरस्वती जी महाराज का आगमन न केवल एक आध्यात्मिक पर्व के रूप में मनाया जाएगा, बल्कि यह समाज में धर्म, संस्कार, और आत्मबोध को प्रबल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी। उनके सान्निध्य में सत्संग, वेदांत प्रवचन एवं आशीर्वचन होंगे, जो समस्त जनमानस को आध्यात्मिक बल प्रदान करेंगे।
श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर मे सिवनी एवं श्री नर्मदेश्वर मंदिर परिवार की ओर से सभी श्रद्धालुजन, भक्तगणों एवं नगरवासियों से सादर आग्रह किया जाता है कि इस दुर्लभ एवं दिव्य अवसर पर अपने परिवार सहित उपस्थिति दर्ज कराएं, धर्मलाभ प्राप्त करें तथा स्वामी जी महाराज के दिव्य दर्शन एवं आशीर्वचन का लाभ लें।


