छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

आज देर शाम तक खुले रहेंगे वसूली काउंटर

आज संपत्तिकर का भुगतान नहीं करने पर समाप्त हो जाएगी 50 प्रतिशत  छूट

Chhindwara 30 March 2025
छिंदवाड़ा यशो :- आज वित्तीय वर्ष 2024- 25 का अंतिम दिवस है। नगर पालिक निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय के निर्देश पर 31 मार्च को ईद का शासकीय अवकाश होने के बाद भी मुख्य कार्यालय, जोन कार्यालय कुकड़ा जगत, वार्ड क्रमांक 5 सेवा सदन, जगन्नाथ स्कूल, चंदनगांव एवं लोनिया करबल जोन के संपत्ति कर एवं जलकर के संग्रहण काउंटर कार्यालय समय पर खुले रहेंगे तथा जोन के अन्य कर्मचारी भी कार्यलय में उपस्थित रह कर वसूली संबंधी कार्य में सहयोग करेंगे। इसके साथ ही निगमायुक्त के आदेश पर सभी 48 वार्ड के सहायक राजस्व निरीक्षक एवं जलकर वसुलिकर्ता वार्ड में कर संग्रहण का कार्य करेंगे।

निकाय क्षेत्र के करदाता तथा उपभोक्ता अपने संपत्ति कर एवं जलकर का भुगतान निगम कार्यालय, जोन कार्यालय अथवा वार्ड के कर संग्रहकर्ता को कर सकते है। नगर निगम द्वारा आवासीय भवनों के संपत्ति कर में प्रतिवर्ष 50 प्रतिशत की छूट दी जाती है परंतु मध्य प्रदेश शासन द्वारा 26 सितंबर 2020 को जारी राजपत्र के अनुसार यदि भवन स्वामी द्वारा चालू वर्ष के संपत्ति कर भुगतान 31 मार्च तक नहीं किया गया तो संपत्ति कर पर दी जाने वाली 50 प्रतिशत छूट समाप्त हो जायेगी और भवन स्वामी को मूल संपत्ति कर का भुगतान करना होगा। इसके साथ ही भवन स्वामी पर अधिभार भी अधिरोपित किया जाएगा।

इस असुविधा से बचने के लिए भवन स्वामी करदाता को अपने बकाया संपत्ति कर भुगतान 31 मार्च के पूर्व करना होगा। नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने बताया कि वर्तमान में जारी आवासीय संपत्ति कर के बिल में वर्ष 2024-25 की राशि 50 प्रतिशत छूट घटाकर लिखी गई है अतएव करदाता को बिल में लिखी राशि ही जमा करना है। करदाता ई नगर पालिका सिटीजन ऐप के माध्यम से भी अपने करो का भुगतान कर सकते है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button