मध्यप्रदेशसिवनी

प्रभारी कलेक्टर की समय-सीमा बैठक में सख्त निर्देश, लंबित शिकायतों और योजनाओं की हुई समीक्षा

सीएम हेल्पलाइन, गेहूं उपार्जन, जल जीवन मिशन और जनगणना कार्यों पर अधिकारियों को दिए निर्देश

Seoni 18 May 2026
सिवनी यशो:-  कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को प्रभारी कलेक्टर अनिल कुमार राठौर की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों और शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

सिवनी कलेक्ट्रेट में समय-सीमा बैठक लेते प्रभारी कलेक्टर अनिल कुमार राठौर
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते प्रभारी कलेक्टर अनिल कुमार राठौर।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश

बैठक में सीएम हेल्पलाइन के विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए प्रभारी कलेक्टर श्री राठौर ने 50 और 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों में नियमानुसार कार्रवाई संभव नहीं है, उनके परीक्षण के बाद फोर्स क्लोज के प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएं।

गेहूं उपार्जन में किसानों को न हो परेशानी

प्रभारी कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। किसानों को सुगम और सुविधाजनक तरीके से उपज विक्रय की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभागीय समन्वय बनाए रखने को कहा गया। सभी एसडीएम को उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।

खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश

बैठक में आगामी खरीफ मौसम को ध्यान में रखते हुए जिले में पर्याप्त खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

जनगणना 2027 और जल गंगा अभियान की समीक्षा

प्रभारी कलेक्टर श्री राठौर ने जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं जल गंगा अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया।

जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में जल जीवन मिशन अंतर्गत एकल एवं समूह नलजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए 31 मई तक हर घर तक नल के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। संगम घाट और पायली समूह नलजल योजनाओं को भी गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने को कहा गया।

जर्जर भवनों और अनुकंपा नियुक्तियों पर भी निर्देश

प्रभारी कलेक्टर ने सभी विभागों को जर्जर एवं अनुपयोगी भवनों की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों को शीघ्र निराकृत करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में अंजली शाह, सुनीता खंडायत, सी एल चनाप सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!