जनसमस्याओं के निराकरण के साथ पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल
Seoni, 19 November 2026
सिवनी यशो:- आमजन की समस्याओं के समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 20 नवंबर को बरघाट विकासखंड के ग्राम अरी में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जनविश्वास शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखने और उनके निराकरण का अवसर मिलेगा।
कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार के निर्देशन में शिविर की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जो नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिलेगी मुक्ति
शिविर की खास बात यह है कि विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगे। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आमजन की समस्याएं सुनी जाएंगी। जिन मामलों का निराकरण मौके पर संभव होगा, उनका तत्काल समाधान करने का प्रयास किया जाएगा, जबकि शेष प्रकरणों में समय-सीमा निर्धारित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
योजनाओं की मिलेगी जानकारी, पात्र हितग्राहियों को मिलेगा लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और शासकीय सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। ग्रामीणों को अपनी समस्याएं रखने के साथ ही शासन की योजनाओं के संबंध में अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन ने ग्राम अरी सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे शुक्रवार को आयोजित शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं आवेदनों को प्रस्तुत करें और पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।