सड़क नहीं, रोशनी नहीं, पेयजल तक का इंतजाम नहीं; 27 नवंबर से शुरू होगा मेला, नीलामी से पहले उठे विकास और आय-व्यय पर सवाल
Seoni, 19 November 2026
सिवनी / उगली/केवलारी यशो:- मेले से लाखों रुपये की कमाई हो और उसी मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं तक न मिलें, तो सवाल उठना लाजिमी है। सिवनी जिले के जनपद पंचायत केवलारी अंतर्गत ग्राम पंचायत सरेखा के संगम घाट की तस्वीर कुछ ऐसी ही कहानी बयां कर रही है। यहां प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले मेले की नीलामी से जनपद पंचायत को करीब 4 से 5 लाख रुपये की आय होने की जानकारी सामने आ रही है, लेकिन इसके बावजूद संगम तट की व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आता। आखिर मेले से होने वाली लाखों की कमाई कहां खर्च हो रही है?
27 नवंबर से 6 दिसंबर तक लगेगा मेला, 20 नवंबर को नीलामी
सरेखा संगम में आगामी 27 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक मेले का आयोजन प्रस्तावित है। इसके लिए जनपद पंचायत केवलारी ने प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी नीलामी की विज्ञप्ति जारी की है। बैठक वसूली और साइकिल स्टैंड की नीलामी 20 नवंबर को प्रस्तावित है। लेकिन नीलामी की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही संगम घाट की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
लाखों की आय, लेकिन श्रद्धालुओं को सुविधाओं का इंतजार
संगम तट तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क की सुविधा नहीं है। रात में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो पाती। मेले में हजारों श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हर साल मेला लगता है, नीलामी होती है और जनपद पंचायत को आय भी होती है, लेकिन संगम स्थल की तस्वीर बदलने के लिए ठोस प्रयास दिखाई नहीं देते।
महंगी नीलामी का बोझ छोटे व्यापारियों पर
मेले की नीलामी में ठेकेदार द्वारा बड़ी राशि खर्च किए जाने का असर आगे छोटे व्यापारियों पर भी पड़ता है। ठेकेदार अपनी लागत निकालने के लिए दुकानदारों से अधिक किराया वसूलते हैं, जिससे छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। ऐसे में सवाल यह है कि जब नीलामी की राशि से जनपद पंचायत को अच्छी आय हो रही है और व्यापारियों से भी किराया वसूला जाता है, तो मेले में सुविधाओं का विस्तार क्यों नहीं किया जा रहा?
नीलामी से पहले सार्वजनिक हो आय-व्यय का हिसाब
सरेखा संगम की अव्यवस्थाओं को लेकर वर्षों से समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित होती रही हैं, लेकिन स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। इस बार नीलामी से पहले यह मांग उठ रही है कि मेले का आयोजन बिना नीलामी के कराया जाए और पिछले वर्षों में नीलामी से प्राप्त आय तथा उसके खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए।
जनपद पंचायत को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि अब तक संगम तट के विकास पर कितनी राशि खर्च की गई और किन-किन कार्यों पर उसका उपयोग हुआ। सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई जैसी सुविधाओं के लिए क्या योजनाएं बनाई गईं और उन पर कितना अमल हुआ?
कमाई का हिसाब भी हो, विकास का काम भी दिखे
सरेखा संगम केवल मेला स्थल नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है। यहां आने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना जिम्मेदार पंचायत और प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। अब जरूरत केवल नीलामी से आय बढ़ाने की नहीं, बल्कि उस आय का लाभ संगम तट के विकास और आम जनता को देने की है।
जनपद पंचायत केवलारी के जिम्मेदार अधिकारियों को इस सवाल का जवाब देना चाहिए कि जब हर साल लाखों रुपये की आय हो रही है, तो सरेखा संगम आज भी सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए क्यों तरस रहा है?