500 सीटर मल्टीपरपज हॉल, बालक-बालिका छात्रावास और इंडोर स्पोर्ट्स हॉल सहित कई सुविधाओं का होगा विस्तार; विधायक दिनेश राय मुनमुन ने रखी विकास कार्यों की आधारशिला
Seoni, 19 November 2026
सिवनी यशो:- शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय सिवनी में तकनीकी शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। विधायक दिनेश राय मुनमुन ने 28 करोड़ 67 लाख 40 हजार रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का विधि-विधान से भूमिपूजन किया। इन निर्माण कार्यों से महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ आवास, खेल और अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित होंगी।

महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक दिनेश राय मुनमुन ने 2,867.40 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से बनने वाले नवीन भवन, 500 सीटर मल्टीपरपज हॉल, बालक एवं बालिका छात्रावास तथा इंडोर स्पोर्ट्स हॉल निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
भूमिपूजन के पश्चात आयोजित मंचीय समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ ने विधायक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि तकनीकी शिक्षा का सुदृढ़ीकरण, शिक्षा का विस्तार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना विकास की महत्वपूर्ण प्राथमिकताएं हैं।
पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में होने वाले ये निर्माण कार्य विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार शिक्षा और अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से महाविद्यालय की सुविधाओं में उल्लेखनीय विस्तार होगा और विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डहेरिया, नगर पालिका परिषद सिवनी के अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद सनोडिया, पीजी कॉलेज सिवनी की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री अजय बाबा पांडे, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।