छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

शहर में वाहन चोरों का आतंक

दिन दहाड़े वाहन चोरी कर ले जा रहे चोर, पुलिस की लापरवाही से बढ़ा आक्रोश

Chhindwara 02 June 2025

छिंदवाड़ा यशो:- छिंदवाड़ा शहर इन दिनों वाहन चोरों के निशाने पर है। बीते कुछ सप्ताहों में शहर के विभिन्न इलाकों से दर्जनों दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी बड़े गिरोह को पकडऩे में असफल रही है। इससे आम नागरिकों में भारी नाराजगी और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। शहर के मुख्य बाज़ार, स्टेशन रोड, परासिया रोड, बीएसएनएल के पास और सिविल लाइंस जैसे क्षेत्रों से लगातार वाहन चोरी की शिकायतें दर्ज हो रही हैं। पीडि़तों का आरोप है कि पुलिस शिकायत दर्ज करने में टालमटोल करती है और उचित जांच नहीं करती, जिससे चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

स्थानीय निवासी आनंद बारे, जिनकी बाइक दो दिन पहले उनके बी एस एन एल के सामने से चोरी हो गई, कहते हैं, सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रिपोर्ट लिखवाने के लिए भी हमें घंटों थाने के चक्कर काटने पड़े। पुलिस प्रशासन द्वारा न तो रात्रि गश्त को बढ़ाया गया है और न ही शहर के संवेदनशील इलाकों में निगरानी के पर्याप्त उपाय किए गए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या पुलिस प्रशासन अपराध पर नियंत्रण पाने के प्रति गंभीर है? जन प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने इस विषय को लेकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। यदि पुलिस जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाती, तो शहर में नागरिक आंदोलन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक का कहना है कि हम वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से ले रहे हैं आने वाले दिनों में विशेष अभियान चलाकर ऐसे अपराधों पर लगाम लगाई जाएगी। फिलहाल, छिंदवाड़ा की जनता यह उम्मीद कर रही है कि पुलिस अपनी जिम्मेदारी निभाए और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करे, ताकि लोग चैन की नींद सो सकें।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!