6 माह पहले बनी नाली बनी मुसीबत! – स्लैब नहीं डालने से हादसे का खतरा, ठेकेदार पर फूटा लोगों का गुस्सा
सभापति पति बोले - “बार-बार कहने के बाद भी नहीं सुन रहा ठेकेदार”
वार्ड 38 में अधूरी नाली से परेशान रहवासी, “फोन तक नहीं उठा रहे इंजीनियर और ठेकेदार”
Chhinwara 05 June 2026
छिंदवाड़ा यशो:- शहर के वार्ड क्रमांक 38 में आनंद लाज के सामने बनी नाली अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन गई है। लगभग 6-7 माह पहले नाली निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन आज तक उस पर आने-जाने के लिए स्लैब या पत्थर नहीं डाले गए हैं। इससे क्षेत्रवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खुली नाली के कारण हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि कोई वृद्ध नाली में गिर जाए तो गंभीर चोट लग सकती है।
“कह-कहकर थक गए, लेकिन सुनवाई नहीं”
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 38 की सभापति के पति जोगेन्द्र अल्डक भी इस मामले को लेकर लगातार ठेकेदार से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन ठेकेदार देवेन्द्र धनोरिया उनकी बात तक नहीं सुन रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जोगेन्द्र अल्डक सांसद के करीबी माने जाते हैं और अक्सर उनके साथ दिखाई देते हैं। इसके बावजूद यदि उनकी बात नहीं सुनी जा रही, तो आम नागरिकों और अन्य जनप्रतिनिधियों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
“फोन उठाना तक बंद कर दिया”
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार देवेन्द्र धनोरिया के साथ-साथ प्रभारी कार्यपालन यंत्री हिमांशु अतुलकर एवं सहायक इंजीनियर ब्रजेश पांडे ने भी आम जनता के फोन उठाना बंद कर दिया है।
लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत और निवेदन के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार समस्या समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने मांगी तत्काल कार्रवाई
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि अधूरी पड़ी नाली पर जल्द से जल्द स्लैब डलवाए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके। लोगों ने संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।



