सिवनी यशो:- लूघरवाड़ा स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में तिलक लगाने को लेकर छात्र से मारपीट के मामले को लेकर सनातन समाज में आक्रोश व्याप्त है। हालांकि फिलहाल किसी प्रकार के विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम तय नहीं किया गया है, लेकिन समाज के लोगों ने प्रशासन से मामले में कड़ी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
सनातन समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि यह मामला धार्मिक आस्था से जुड़ा है और शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों की आस्था पर रोक या उसके आधार पर दंड स्वीकार्य नहीं है। समाज ने स्पष्ट किया है कि वे कानून व्यवस्था का सम्मान करते हैं और प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई का इंतजार किया जाएगा।
प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन, कार्रवाई की अपेक्षा
जानकारी के अनुसार समाज के प्रतिनिधियों द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जाने की तैयारी की जा रही है, जिसमें दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई, स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए दिशा-निर्देश जारी करने की मांग शामिल है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का विकल्प खुला
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि प्रशासन स्तर पर समयबद्ध और संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती है, तो आगे आंदोलन या विरोध के विकल्पों पर विचार किया जा सकता है। फिलहाल स्थिति शांत है और पुलिस-प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है।



