छिंदवाड़ामध्यप्रदेश
जिले में 101 राजस्व कर्मियों के स्थानांतरण आदेश जारी
छिंदवाड़ा यशो:-जिले में प्रशासकीय कार्यों की सुचारूता एवं नवीन स्थानांतरण नीति के अंतर्गत राजस्व विभाग के कुल 101 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह द्वारा स्थानांतरण बोर्ड की अनुशंसा पर ये आदेश पारित किए गए हैं। जारी आदेशानुसार, 79 पटवारी, 1 संयुक्त जिला कार्यालय सहायक (जु.ड़ा.ए.ऑ.), 18 राजस्व स्थापना कर्मचारी एवं 3 राजस्व निरीक्षक को नवीन स्थानों पर तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।
कलेक्टर श्री सिंह ने स्पष्ट किया है कि स्थानांतरण आदेश की तिथि से एक सप्ताह के भीतर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं तहसीलदार को इन कर्मचारियों को कार्यमुक्त करना अनिवार्य होगा।
कार्यमुक्ति उपरांत:
संबंधित कर्मचारी का वेतन प्रमाण-पत्र नवीन पदस्थापना कार्यालय को सौंपा जाएगा।
उनका वेतन नवीन कार्यालय से ही आहरित किया जाएगा।
कर्मचारियों की सेवापुस्तिका एवं व्यक्तिगत नस्ती तत्काल नए कार्यालय को प्रेषित की जाए।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्थानांतरण आदेश का अनुपालन नहीं करने या बिना युक्तिसंगत कारण के अनुपस्थिति अथवा अवकाश पर जाने की स्थिति में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।