कारगिल विजय दिवस समारोह में शौर्य और बलिदान को दी श्रद्धांजलि
सरस्वती शिशु मंदिर भैरोगंज सिवनी में हुआ भावपूर्ण आयोजन
Seoni 26 July 2025
सिवनी यशो:- कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैरोगंज सिवनी में वीर सैनिकों के अद्वितीय शौर्य और बलिदान को स्मरण करते हुए गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत विद्यार्थियों, आचार्यों और आमंत्रित अतिथियों ने भाग लिया।
यह भी पढ़े :-100 डेस्क-बेंच की सौगात: श्रीवनी डेवलपर्स ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी श्री किशोर बामनकर एवं बीएसएफ से सेवानिवृत्त श्री कर्ण सिंह ठाकुर मंचासीन रहे। साथ ही विद्या भारती महाकौशल प्रांत जिला सचिव श्री विनीत अग्रवाल एवं विद्यालय प्राचार्य श्री ओमप्रकाश यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

दीप प्रज्वलन से आरंभ हुआ समारोह
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई। इसके उपरांत कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन कर सम्मान व्यक्त किया गया।
वीरता के गीत और श्रद्धांजलि
देशभक्ति गीतों के माध्यम से कार्यक्रम संचालिका श्रीमती मनीष तिवारी ने माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। टीआई श्री किशोर बामनकर ने अपने संबोधन में कारगिल युद्ध की परिस्थितियों का वर्णन करते हुए बताया कि पाकिस्तान द्वारा रातोंरात किए गए कायरतापूर्ण हमले का भारतीय सेना ने किस अद्वितीय साहस और पराक्रम से जवाब दिया।
बीएसएफ के पूर्व अधिकारी का प्रेरक संबोधन
पूर्व बीएसएफ अधिकारी श्री कर्ण सिंह ठाकुर ने भी विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हुए वीरों के आदर्शों का अनुकरण करने का आह्वान किया। उन्होंने युद्ध की स्मृतियों को साझा करते हुए वीर सैनिकों के त्याग को रेखांकित किया।
धन्यवाद ज्ञापन और समापन
कार्यक्रम के अंत में जिला सचिव श्री विनीत अग्रवाल ने सभी आगंतुकों, आचार्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार के सभी सदस्य, छात्र-छात्राएं और आमजन आयोजन में सम्मिलित हुए।



