क्राइमसिवनी

गांजा बेचने की फिराक में थे दो आरोपी, पुलिस ने रंगेहाथों दबोचा

सिवनी, 17 जून 2025
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री सुनील मेहता के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना अरी व थाना बरघाट पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को रंगेहाथों पकड़ने में सफलता हासिल की है।

थाना अरी की कार्रवाई:

दिनांक 16 जून को थाना अरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गंगेरूआ में एक सैलून संचालक अवैध रूप से गांजा बेचने की तैयारी में है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चंद्रशेखर तैकर (35 वर्ष), निवासी धपारा थाना अरी को हिरासत में लिया।

उसके कब्जे से 275 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,500 है, बरामद किया गया। आरोपी के पास से गांजा रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला, जिसके चलते उसके विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

थाना बरघाट की कार्रवाई:

इसी प्रकार 17 जून को बरघाट पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कौडिया के जंगल ढाबा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध गांजा बेचने की नीयत से बैठा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की, जिसने अपना नाम राजेश बोपचे (56 वर्ष), निवासी ग्राम कौडिया थाना बरघाट बताया।

उसके पास से 175 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब ₹3,000 आंकी गई है, बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ भी NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस टीम की सराहना:

इन कार्रवाइयों में थाना अरी व बरघाट के पुलिस बल की त्वरित प्रतिक्रिया और सतर्कता की सराहना की जा रही है। विशेष योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों में सउनि मायाराम धुर्वे, लुपेश राहंगडाले, प्रआर मतीन खान, आरक्षक पारस तुरकर, मुकेश, चेतन शर्मा सहित अन्य का उल्लेखनीय योगदान रहा।

पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि कहीं पर मादक पदार्थों की बिक्री या भंडारण की जानकारी हो तो पुलिस को तुरंत सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!