नगरीय प्रशासन विभाग में फेरबदल, अमरवाड़ा सीएमओ छिंदवाड़ा निगम उपायुक्त नियुक्त

23 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले, दमुआ को नया प्रभारी सीएमओ मिला
छिंदवाड़ा यशो।।
प्रदेश में जारी तबादला दौर के अंतर्गत नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा अधिकारियों-कर्मचारियों के फेरबदल संबंधी बड़ा निर्णय लिया गया है। विभाग ने कुल 23 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, अमरवाड़ा नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) को पदोन्नति देते हुए छिंदवाड़ा नगर निगम में उपायुक्त के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं राजस्व उप निरीक्षक अजय ठाकरे को न्युटन चिखली से स्थानांतरित कर दमुआ नगरपालिका का प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, राजधानी भोपाल में भी महत्त्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव हुए हैं। भोपाल नगर निगम में पदस्थ अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, सहायक यंत्री एन.के. डेहरिया तथा सहायक आयुक्त एकता अग्रवाल के भी स्थानांतरण किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस बदलाव का उद्देश्य नगरीय प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाना तथा कार्य क्षमता में वृद्धि करना है। शासन द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
https://dainikyashonnati.com/media/MP_CMO_Transfer_List_June2025.pdf
मध्य प्रदेश नगरीय प्रशासन विभाग – CMO तबादला सूची (PDF)



