पेंच टाइगर रिजर्व की अनूठी पहल: बफर ग्रामों में स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने का अभियान
Seoni 17 June 2025
सिवनी यशो :- पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा बफर एवं उससे लगे दुर्गम वनग्रामों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने हेतु एक सराहनीय पहल की गई है। इस अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाई वितरण की सुविधा दी जा रही है।
पेंच टाइगर रिजर्व के उपसंचालक ने जानकारी दी कि बफर क्षेत्र में 107 ग्राम हैं, जबकि बफर से बाहर 23 ऐसे ग्राम हैं जिनकी समितियां पेंच से जुड़ी हैं। कुल मिलाकर 130 इको विकास समितियां इस संरक्षित क्षेत्र से संबद्ध हैं। इन ग्रामों में अधिकांश स्थान अत्यंत दुर्गम वन क्षेत्र में स्थित हैं, जहाँ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं भी मुश्किल से उपलब्ध हो पाती हैं।
इसी आवश्यकता को समझते हुए पेंच प्रबंधन ने यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक एवं आशा हॉस्पिटल, कामठी के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन प्रारंभ किया।
दिसंबर-जनवरी में प्रथम चरण रहा सफल
पहले चरण में दिसंबर और जनवरी माह के दौरान 112 ग्रामों को समूहों में विभाजित कर कुल 39 स्वास्थ्य शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों में कुल 3145 ग्रामीणों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।
मई से चल रहा द्वितीय चरण
द्वितीय चरण मई के अंतिम सप्ताह से प्रारंभ हुआ है और अब तक 27 ग्रामों में 14 शिविरों का आयोजन किया जा चुका है, जिसमें 1076 मरीजों का परीक्षण एवं दवा वितरण किया गया।
दूसरे चरण की प्रमुख विशेषता यह है कि हर शिविर में कम से कम एक महिला चिकित्सक की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। इसके चलते शिविरों में महिलाओं की भागीदारी में स्पष्ट वृद्धि देखी गई है।
पहले चरण की तुलना में अब प्रति गांव उपचार पाने वाले ग्रामीणों की संख्या औसतन 28 से बढ़कर 40 से अधिक हो गई है। यह ग्रामीणों में स्वास्थ्य जागरूकता और शिविरों के प्रति विश्वास का प्रतीक है।
प्रबंधन का उद्देश्य – समग्र विकास
पेंच प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाकर वन संरक्षण के प्रति उनकी भागीदारी को और मजबूत बनाना है।



