📰 भीमगढ बांध, डूब क्षेत्र में महिला के डूबने की आशंका, तलाशी अभियान जारी
मोहली निवासी अनिता डेहरिया का मोबाइल, टिफिन और चप्पलें नदी किनारे मिलीं — ग्रामीणों व पुलिस की रेस्क्यू टीम कर रही तलाश
Seoni October 11, 2025
छपारा यशो:- सिवनी जिले के छपारा क्षेत्र अंतर्गत एशिया के सबसे बड़े मिट्टी के बांधों में संजय सरोवर (भीमगढ बांध) के डूब क्षेत्र में शुक्रवार को एक महिला के डूबने की आशंका जताई जा रही है। मोहली निवासी अनिता डेहरिया (47 वर्ष) पति विजय डेहरिया शुक्रवार 10 अक्टूबर की सुबह लगभग 11 बजे टापू पर स्थित अपने खेत में मक्का तोड़ने गई थीं, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटीं।
परिजनों द्वारा खोजबीन करने पर नदी किनारे अनिता का मोबाइल फोन,
टिफिन और चप्पलें पड़ी मिलीं।
इसके बाद परिवार ने घटना की सूचना भीमगढ पुलिस चौकी को दी।
शनिवार सुबह से ही महिला की तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसमें परिजन, ग्रामीण और पुलिस बल जुटे हुए हैं।
टापूनुमा खेतों तक जोखिमभरा रास्ता
भीमगढ बांध में जलभराव के बाद डूब क्षेत्र के कई हिस्से टापूनुमा रूप में परिवर्तित हो चुके हैं।
मोहली, सागर और ताखला गांव के ग्रामीण खेती के लिए इन टापुओं तक पहुंचने हेतु पत्थरों से पगडंडीनुमा रास्ते बनाकर आना-जाना कर रहे हैं।
यह रास्ता कमर तक पानी में डूबा रहता है, जिससे हादसे की संभावना बनी रहती है।

एसडीईआरएफ ने संभाली कमान
शुक्रवार की दोपहर सिवनी से पहुंची एसडीईआरएफ (राज्य आपदा आपातकालीन बल) की टीम ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
भीमगढ चौकी प्रभारी मुरलीधर पटेल ने बताया कि-
शनिवार शाम 6 बजे तक तलाशी अभियान जारी था, लेकिन अब तक लापता महिला का कुछ सुराग नहीं लग पाया है।
ग्रामीण भी पुलिस और बचाव दल के साथ मिलकर तलाशी में जुटे हैं।



